UPPSC: यूपी लोक सेवा आयोग में आरओ-एआरओ के 337 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन पर शुरू
By -Youth India Times
Saturday, March 06, 20212 minute read
0
प्रयागराज | UPPSC RO/ARO Recruitment 2021: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) भर्ती 2021 का विज्ञापन शुक्रवार को जारी कर दिया। इसके साथ ही इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिलहाल भर्ती में 337 पद घोषित किए गए हैं। इनमें 228 पद सामान्य और 109 पद विशेष चयन के हैं। यह पद उत्तर प्रदेश सचिवालय, राजस्व परिषद, मुख्य निर्वाचन अधिकारी दफ्तर के साथ ही लोक सेवा आयोग के हैं। इस भर्ती में आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले पूरा भर्ती नोटिफिकेशन और दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ लें। इन दफ्तरों में समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी के अलावा समीक्षा अधिकारी लेखा, समीक्षा अधिकारी हिन्दी, समीक्षा अधिकारी उर्दू और सहायक समीक्षा अधिकारी लेखा के रिक्त पदों पर भर्ती होगी। विशेष चयन में रिक्त 109 पदों में समीक्षा अधिकारी लेखा के चार पद हैं, इनमें से दो पद एससी और दो ओबीसी के लिए आरक्षित हैं। शेष 105 पद सहायक समीक्षा अधिकारी के हैं, इनमें से 50 पद एससी, सात एसटी और 48 ओबीसी के लिए आरक्षित हैं। इस भर्ती के लिए आयु की गणना एक जुलाई 2021 को आधार मानकर की जाएगी। न्यूनतम आयु सीमा 21 और अधिकतम 40 वर्ष है। ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि - 05-03-2021
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि - 05-04-2021
आवेदन शुल्क - 125 रुपए।
आयु सीमा - 21 से 40 वर्ष।
ऑनलाइन आवेदन पांच अप्रैल तक जमा होंगे जबकि शुल्क एक अप्रैल तक जमा किया जा सकेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि फर्जी प्रमाण पत्र लगाने वाले अभ्यर्थी को आयोग की सभी भर्तियों के लिए डिबार करते हुए उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। आरओ-एआरओ 2017 के बाद 2021 की भर्ती शुरू हुई है। स्पष्ट है कि इस भर्ती के तीन सत्र शून्य हो गए हैं। 2017 का अंतिम परिणाम घोषित किया जा चुका है। इस भर्ती में 809 पदों के सापेक्ष 663 पदों पर चयन हुआ था। पेपर लीक के कारण विवादित हुई 2016 की भर्ती प्रक्रिया अभी चल रही है। इसमें 361 पद हैं। इस भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा का पेपर आउट होने के आरोप लगे थे, जिसकी जांच सीबीसीआईडी से कराई गई। आयोग ने पिछले वर्ष 2016 की प्रारंभिक परीक्षा को निरस्त कर दिया था। पिछले महीने टाइप टेस्ट हो चुका है।