सवा आठ करोड़ की डकैती डाल कर भाग रहे बदमाशों की पुलिस से भिड़न्त
By -Youth India Times
Saturday, July 17, 20211 minute read
0
दिनदहाड़े मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के ऑफिस में दिया था लूट की घटना को अंजाम, गोली लगने से दोनों घायल आगरा। आगरा में शनिवार को दिनदहाड़े मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के ऑफिस में सवा आठ करोड़ की डकैती डालने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने दो घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद यह दोनों बदमाश एत्मादपुर क्षेत्र से होकर भाग रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश के पैर में गोली लगी है। थाना कमला नगर क्षेत्र में सेंट्रल बैंक मार्ग पर एक इमारत में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी का ऑफिस है। इस इमारत में और भी कई दुकानें हैं। मणप्पुरम गोल्ड का ऑफिस पहली मंजिल पर है। शनिवार दोपहर करीब दो बजे छह बदमाश ऑफिस में घुसे। उन्होंने घुसते ही मैनेजर और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे को ढक रखा था। बदमाशों के हाथों में हथियार थे। उन्होंने मैनेजर और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी और करीब 17 किलो सोने के जेवरात और पांच लाख रुपये कैश अपने बैगों में भर लिया। इसके बाद पैदल फरार हो गए। पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई डकैती से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर दी। पुलिस की सतर्कता के चलते एत्मादपुर क्षेत्र में खंदौली मार्ग से दो बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया है। बताय जा रहा है कि पकड़े गए बदमाशों के पास से लूट का मामला बरामद हुआ है। चार बदमाश फरार हैं।