महिला सिपाही का इस्‍तीफा मंजूर

Youth India Times
By -
1 minute read
0

रिवॉल्‍वर के साथ वीडियो वायरल होने के बाद हुईं थीं लाइन हाजिर
आगरा। उत्‍तर प्रदेश के आगरा में रिवॉल्वर के साथ वीडियो बनाने वाली सिपाही प्रियंका मिश्रा का इस्‍तीफा मंजूर हो गया है। उन्‍होंने 12 दिन पहले इस्तीफा दिया था जिसे रविवार को एसएसपी मुनिराज जी. ने मंजूर कर लिया। प्रियंका का कहना था कि सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट से परेशान होकर वह इ‍स्‍तीफा दे रही हैं।
गौरतलब है कि वीडियो वायरल होने के बाद प्रियंका इस मामले में लाइन हाजिर चल रही थीं। वह पुलिस लाइन में ड्यूटी दे रही थीं। इस्‍तीफा मंजूर होने के बाद अब वह ड्यूटी नहीं कर पाएंगी। प्रियंका कानपुर की रहने वाली हैं। वह वर्ष 2020 में पुलिस विभाग में सिपाही भर्ती हुई थीं। उनकी ट्रेनिंग झांसी में हुई थी। आगरा के थाना एमएम गेट में उनकी पहली तैनाती थी। पिछले दिनों उन्होंने वर्दी में रिवॉल्वर के साथ एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में कॉन्स्टेबल प्रियंका मिश्रा रंगबाजी में यूपी की तुलना पंजाब और हरियाणा से करती दिख रही थीं। वीडियो में प्रियंका यूनिफॉर्म पहनी हुई थीं और हाथ में रिवॉल्‍वर लहरा रही थीं। जिस ऑडियो पर वह एक्टिंग कर रही हैं उसमें कहा जा रहा है हरियाणा-पंजाब तो बेकार ही बदनाम है, आओ कभी उत्‍तर प्रदेश। रंगबाजी क्‍या होती है, हम तुम्‍हें बताते हैं। 22 सेकेंड के इस वीडियो में वह पूरे समय रिवॉल्‍वर दिखाते हुए नज़र आ रहीं थीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 10, April 2025