आजमगढ़: अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, चालक समेत दो की मौत
By -Youth India Times
Thursday, November 25, 20211 minute read
0
मृतकों के घर मचा कोहराम रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कटान बाजार- सरदहां मार्ग पर स्थित देवारा हरखपूरा गांव के पास गुरुवार की दोपहर खेत जुताई के लिए जा रहा ट्रैक्टर सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक समेत दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। महराजगंज क्षेत्र के देवारा तुर्कचारा गांव निवासी सुग्रीव यादव (20) पुत्र पतिराम यादव गुरुवार की दोपहर खेत जुताई के लिए अपना ट्रैक्टर लेकर गांव के मित्र मनोज यादव (18) पुत्र रामनयन के साथ कटान बाजार से सरदहा मार्ग पर जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे हरखपूरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान सुग्रीव और मनोज दोनों वाहन के नीचे दब गए। जानकारी पाकर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतक सुग्रीव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र तथा चार बहनों का सबसे छोटा भाई था। वहीं मनोज दो भाई दो बहनों में सबसे छोटा बताया गया है। दोनों मृतक हाईस्कूल के छात्र थे। घटना की जानकारी के बाद काफी संख्या में घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।