दुष्कर्म पीड़िता पर आरोपी ने चलाई छ: राउंड गोलियां

Youth India Times
By -
1 minute read
0

ससुराल वालों पर दर्ज रिपोर्ट वापस लेने के लिए बना रहा दबाव
मवाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़िता की ससुराल में छह राउंड फायरिंग की। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
पीड़ित महिला ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसने गांव के ही रिश्ते के देवर के खिलाफ दिल्ली के जामिया थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि रविवार को आरोपी ने उसकी ससुराल में आकर उस पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की। आरोपी ने छह राउंड गोलियां चलाई।
फायरिंग के समय वह, तीन ननद व दो देवर घर में थे। आरोपी और उसका परिवार, उस पर तथा उससे ससुराल वालों पर दर्ज रिपोर्ट वापस लेने के लिए दबाव बना रहा है। पीड़िता ने तहरीर में आरोपी और उसके बडे़ भाई से जान का खतरा बताते हुए जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस को मौके से बुलेट मिली है। वहीं, पीड़िता के मकान पर गोली के चार निशान हैं। दिनदहाडे़ हुई फायरिंग की घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
थाना प्रभारी विष्णु कौशिक का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लग सका है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 7, April 2025