आजमगढ़: कलशयात्रा के साथ शुरू हुआ रूद्र चंडी महायज्ञ
By -Youth India Times
Tuesday, January 11, 20221 minute read
0
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ बिंद्रा बाजार/आजमगढ़। स्थानीय बाजार स्थित राम- जानकी मंदिर पर आयोजित रुद्र चण्डी महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का शुभारंभ मंगलवार को कलशयात्रा के साथ हुआ। क्षेत्र की सुविख्यात आग्वानी माता मंदिर से शुरू होने वाली कलश यात्रा में शामिल होने के लिए आसपास के इलाकों से आयीं सैकड़ों लड़कियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति ने लड़कियों को आग्वानी माता स्थान तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की थी। प्रातःकाल शुरू हुई कलश यात्रा में शामिल आस्थावान जयघोष करते हुए पूरे उत्साह के साथ चल रहे थे। कलशयात्रा क्षेत्रभ्रमण करते हुए रामजानकी मंदिर प्रांगण में यज्ञ स्थल पर पहुंची और वहां सर्वप्रथम प्रथम देव गणपति की आराधना के साथ ही यात्रा में शामिल गजराज की पूजा के साथ संपन्न हुई। तत्पश्चात बिंद्रा बाजार रामलीला समिति के अध्यक्ष रूपनारायण उपाध्याय व यज्ञाचार्य जगदीश जी ने यज्ञस्थल पर लगा फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की। आयोजन समिति के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान आगामी 20 जनवरी को भण्डारे के साथ संपन्न होगा।