आजमगढ़: एसडीएम कार्यालय में विवाहिता ने किया आत्मदाह का प्रयास
By -Youth India Times
Tuesday, March 22, 20221 minute read
0
छेड़खानी का विरोध करने पर पीड़िता का जेठ पुलिस हिरासत में रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ आजमगढ़। मार्टिनगंज तहसील परिसर में सोमवार की शाम न्याय की गुहार लगाने पहुंची विवाहिता ने उप जिलाधिकारी कक्ष में आत्मदाह की कोशिश कर सबको सकते में डाल दिया। समय रहते वहां मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया। पीड़िता द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाने पर पुलिस ने उसके जेठ को हिरासत में ले लिया है। दीदारगंज थाना अंतर्गत लारपुर जोखू ग्राम निवासी राजपाल गौतम दो वर्ष पूर्व अपनी प्रेमिका अनीता को भगाकर घर ले आया। मामला पुलिस तक पहुंचने पर दोनों पक्षों की रजामंदी से दीदारगंज थाने में उनकी शादी संपन्न करा दी गई। शादी के बाद अनीता अपने ससुराल में रहने लगी। वहीं उसका पति राजपाल कमाने की गरज से मुंबई चला गया। बताते हैं कि प्रेम विवाह के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास आने लगी। पीड़ित अनीता ने इस मामले में स्थानीय थाना व पुलिस अधीक्षक के यहां न्याय की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। सोमवार की शाम अनीता न्याय की गुहार लगाने मार्टिनगंज तहसील परिसर पहुंची और वहां एसडीएम कार्यालय में वह अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास करने लगी। समय रहते वहां मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करते देख लिया और उसे बचा लिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसके पति को हमेशा उससे अलग रखने की कोशिश करते हैं। साथ ही पीड़िता का आशिक मिजाज जेठ उसके साथ अश्लील हरकत करता है। इसकी शिकायत उसने कई बार थाना व पुलिस अधीक्षक से की लेकिन न्याय नहीं मिला। मजबूर होकर उसे आत्महत्या के लिए कदम उठाना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता के जेठ धर्मपाल को हिरासत में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी।