जौनपुर के गौरव यादव बने पंजाब सीएम मान के विशेष प्रधान सचिव
By -Youth India Times
Wednesday, April 06, 20221 minute read
0
जौनपुर। पंजाब कॉडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरव यादव (एडीजीपी) को मुख्यमंत्री भगवंत मान का विशेष प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। गौरव यादव की नियुक्ति मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई दूसरी नियुक्ति है। इससे पहले आईएएस अधिकारी ए. वेणुप्रसाद को मुख्यमंत्री का विशेष प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया था। एक सरकारी आदेश में गत सोमवार को यह जानकारी दी गई। बक्शा थाना क्षेत्र के बेलापार गांव में सूचना मिलते ही जहां जश्न का माहौल है वही लोग गौरवांवित महसूस कर रहें हैं। आईपीएस अधिकारी गौरव यादव वर्तमान में पंजाब पुलिस के मॉडर्ननाइजेशन विंग का कार्य संभाल रहे हैं, जो कि उनके पास उक्त नई नियुक्ति के बाद भी बना रहेगा। मुख्यमंत्री के विशेष प्रधान सचिव का कार्य उन्हें अतिरिक्त प्रभार के रूप में मिला है। गौरव राज्य पुलिस में अब तक विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। गौरव यादव शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार के समय भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। विशेष प्रधान सचिव के पद पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को नियुक्त किया जाता है लेकिन पंजाब सरकार में यह दूसरा अवसर है जब किसी मुख्यमंत्री ने किसी आईपीएस अधिकारी को अपना विशेष प्रधान सचिव बनाया है। बेलापार गांव निवासी गौरव के चाचा आदित्य नारायण यादव बलई ने बताया कि गौरव के पिता भगवती प्रसाद यादव सेवानिवृत्त कर्नल है। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित अपने आवास पर रहतें है। भगवती प्रसाद के एक मात्र पुत्र गौरव तथा दो पुत्रियां है जिसमें एक एम्स में डॉक्टर तथा दूसरी पीसीएस में एमडी है। इनकी शिक्षा दीक्षा कानपुर, लखनऊ व दिल्ली में हुई है। गौरव की इस उपलब्धि से गांव में खुशी देखी गई। शिक्षक दीपक यादव, लालसाहब यादव, दिनेश कुमार यादव आदि ने बताया कि पूरा गांव गौरवांवित है।