आजमगढ़: भाजपा के कैंप में पहुंचे रमाकांत यादव

Youth India Times
By -
0

बोले भाजपा नेता जो भी आएगा स्वागत, रमाकांत यादव बोले सिर्फ दुआ सलाम
आजमगढ़। आजमगढ़-मऊ विधान परिषद के लिए हो रहे चुनाव में जिले के महराजगंज ब्लाक में लगे भाजपा के कैंप में सपा विधायक रमाकांत यादव के बैठने की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। महराजगंज ब्लाक में विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा का कैंप लगा था। इस कैंप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय, ब्लाक प्रमुख पारस नाथ यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी बैठे थे। इसी कैंप में सपा विधायक रमाकांत यादव का बैठना चर्चा का विषय बना हुआ है। आजमगढ़-मऊ सीट से भाजपा ने सपा विधायक रमाकांत यादव के बेटे अरूणकांत यादव को प्रत्याशी बनाया है, जबकि सपा ने राकेश यादव गुड्डू को प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा नेताओं के कैंप में बैठने के सवाल पर सपा विधायक रमाकांत यादव का कहना है कि कोई यदि रास्ते में मिल गया तो लाठी थोड़े मारा जाएगा। दुआ सलाम तो किया जाएगा। तस्वीर वायरल होने के सवाल पर रमाकांत यादव का कहना है कि आप लोग क्या चर्चा कर दें इसका भरोसा नहीं है। इस मामले में सफाई देते हुए सपा विधायक रमाकांत यादव का कहना है कि चुनाव आयोग के निर्देश पर गाड़ियों को दूर खड़ा किया जा रहा है, ऐसे में दुआ सलाम नहीं करेंगे तो क्या उससे मार करेंगे।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय ने बताया कि भाजपा के ब्लाक प्रमुख पारस यादव के नेतृत्व में भाजपा का यह कैंप महाराजगंज में लगाया गया था। सारे भाजपा के कार्यकर्ता वहीं बैठे थे वहीं से पर्ची कट रही थी। इसी कैंप में सपा विधायक रमाकांत यादव आए और लगभग 10 मिनट बैठे रहे। सपा विधायक के भाजपा के कैंप में आने के सवाल पर प्रेम प्रकाश राय का कहना है कि भाजपा के कैंप में सभी दलों के लोगों का स्वागत है, जो लोग भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को जिताने में सहयोग करेंगे उनका भाजपा स्वागत करेगी वह चाहे किसी भी दल का क्यों न हो।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)