आजमगढ़: चोरी की सरिया व असलहे के साथ तीन धराए

Youth India Times
By -
0

रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। निजामाबाद पुलिस ने शुक्रवार की रात टाटा मैजिक वाहन पर चोरी की सरिया लादकर बेचने जा रहे तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए लोगों के कब्जे से असलहा भी बरामद किया है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के खिल्लूपुर ग्राम निवासी देवलाश पुत्र बृजराज ने गुरुवार को मुकामी थाने में घर के बाहर रखी सरिया चुरा लेने का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की विवेचना पुलिस द्वारा शुरू की गई। शुक्रवार की रात उपनिरीक्षक ज्ञानप्रकाश तिवारी को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की सरिया टाटा मैजिक वाहन पर लादकर सरायमीर से फरिहां की ओर जाने वाले हैं। सूचना पाकर पुलिस सक्रिय हुई और क्षेत्र के खुदादादपुर गांव के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई। रात करीब 9.30 बजे पुलिस ने सरिया लदी टाटा मैजिक को रोका। पुलिस देख वाहन पर सवार तीन लोग भागने का प्रयास किए लेकिन घेरेबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 303 बोर तमंचा मय कारतूस तथा चाकू बरामद किया। वाहन पर लगभग ढाई कुंटल सरिया लदा हुआ था। पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवकों ने सरिया चुराने का जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान वह सरिया बेचने के लिए फरिहां बाजार की ओर जा रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में प्रकाश पुत्र मुंशी ग्राम खिल्लूपुर, चंद्रेश पुत्र सतधर ग्राम जगजीवनपुर तथा विनोद पुत्र रामप्यारे मौर्य ग्राम ईश्वरपुर थाना क्षेत्र गंभीरपुर के निवासी बताए गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)