आजमगढ़: हत्यारोपी दो सगे भाईयों सहित टापटेन अपराधी गिरफ्तार
By -Youth India Times
Tuesday, May 17, 20221 minute read
0
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ आजमगढ़। बिलरियागंज व अहरौला थाने की पुलिस ने मंगलवार को हत्या मामले में आरोपित दो सगे भाईयों से टापटेन अपराधी को गांजा के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। बिलरियागंज थानाध्यक्ष विजयप्रकाश मौर्य को सूचना मिली कि क्षेत्र के जगमलपुर तिराहे पर एक मादक पदार्थ कारोबारी गांजा का कारोबार कर रहा है। इस जानकारी को उन्होंने सीओ सगड़ी से साझा किया। कारोबारी को पकड़ने की रणनीति बनी और सीओ की मौजूदगी में पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर वहां झोले में गांजा की पुड़िया बेच रहे कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से सवा किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पकड़ा गया कारोबारी अजमैन पुत्र जुम्मन क्षेत्र के जयराजपुर गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी क्षेत्र का टापटेन घोषित अपराधी है। उसके खिलाफ गोवध, गुंडा व गैंगस्टर एक्ट जैसे आधा दर्जन से ज्यादा अभियोग पंजीकृत बताए गए हैं। इसी क्रम में अहरौला थाने की पुलिस ने मंगलवार को हत्या के आरोप में नामजद दो सगे भाइयों को क्षेत्र के फुलवरिया तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। अहरौला थाना क्षेत्र के सारैन ग्राम निवासी अर्जुन कुमार पुत्र स्व० सुदामा ने बीते 29 मार्च को घर से टहलने निकले पिता की हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना बीते वर्ष 6 जुलाई को हुई बताई गई। पुलिस विवेचना में शाहपुर सारैन गांव के रामचंद्र व मूलचंद्र पुत्रगण स्व० दीपचंद का नाम प्रकाश में आया। इस बात की जानकारी होने पर दोनों भाई फरार चल रहे थे। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि हत्यारोपी दोनों भाई स्थानीय फुलवरिया तिराहे पर मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। पुलिस तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और वहां मौजूद दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया।