जौनपुर में प्रेमी जोड़े ने उठाया खौफनाक कदम

Youth India Times
By -
2 minute read
0

दोनों ने साथ खाया जहर, फिर काटी हाथ की नस
गांव के लोग दोनों की सलामती के लिए कर रहे प्रार्थना
जौनपुर। उम्र के कारण शादी करने में जब परिवार और समाज रोड़ा बन गया प्रेमी युगल ने खौफनाक कदम उठा लिया। एक ही गांव निवासी प्रेमी युगल रात में तय स्थान पर मिलने पहुंचे। दोनों ने साथ में विषाक्त पदार्थ का सेवन किया। इतना ही नहीं दोनों ने अपने हाथ की नस भी काट ली। दोनों के इस आत्मघाती कदम उठाने की भनक मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। दोनों की हालत गंभीर है। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना यूपी के जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। बीती रात स्वजातीय प्रेमी युगल ने गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे खुदकुशी की कोशिश की।

आजमगढ़ की बड़ी खबर:  निर्माणाधीन मकान से खुदाई के दौरान मिले चांदी के सिक्के

इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा देने वाले लड़के का प्रेम प्रसंग गांव की लड़की से चल रहा है। लड़की ने भी इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा दी है। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों पर बंदिशें लगा दीं। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की के उम्र में बड़ा होने और लड़के के नाबालिग होने के कारण परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे। इससे क्षुब्ध होकर दोनों ने जहर खाकर जान देने का फैसला कर लिया। शनिवार रात दोनों गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे पहुंचे। दोनों ने साथ में विषाक्त पदार्थ का सेवन किया। फिर दोनों ने अपने- अपने हाथ की नस काट ली। रात 12 बजे लड़की की मां की नींद खुली। बिस्तर पर बेटी को नहीं देख तलाश करने लगी। घर के किसी भी कमरे में वो नहीं मिली मां ने अन्य परिजनों को जगाया। सभी लोग उसकी तलाश में जुट गए। इसी बीच लड़की बदहवास और लहूलुहान हालत में खुद घर पहुंची। जिसे देखकर परिजन घबरा गए। परिजनों के पैरों तले से जमीन तब खिसक गई जब लड़की ने जहर खाने की बात कही और लड़खड़ाती आवाज में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। जिसके बाद लड़की के परिजन भागकर प्राइमरी स्कूल पहुंचे। वहां लड़का बेहोशी की हालत में मिला। लड़के के परिजनों को फोन कर बुलाया गया। आननफानन दोनों को स्थानीय सीएचसी लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर रात में ही दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, इस घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर तेज है। गांव के लोग दोनों की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 9, April 2025