भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने ग्राम विकास अधिकारी को ऑफिस में घुसकर पीटा

Youth India Times
By -
2 minute read
0

चित्रकूट। चित्रकूट में भाजयुमो जिलाध्यक्ष की दबंगई का वीडियो सामने आया है। गुरुवार दोपहर भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने ग्राम विकास अधिकारी (VDO) को उन्ही के ऑफिस में घुसकर पीटा। सारे डॉक्यूमेंट तहस-नहस कर दिए। साथ ही तोड़फोड़ की। VDO का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने बारात घर देने से मना कर दिया था।
इसी से नाराज होकर उन्हें दौड़ा-दौड़ा पीटा। ऑफिस के दूसरे कर्मचारियों ने VDO की जान बचाई। VDO की तहरीर पर पुलिस ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, गुरुवार दोपहर कलवलिया गांव के ग्राम पंचायत अधिकारी घनश्याम दास शुक्ला पहाड़ी ब्लाक ऑफिस पर काम कर रहे थे। तभी अशोह गांव के भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकास मिश्रा लगभग दस साथियों के साथ स्कार्पियो गाड़ी से आए। आरोप है कि ऑफिस में घुसते ही विकास ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की। फर्नीचर, कम्प्यूटर सहित अभिलेख तहस नहस कर दिया।
जिलाध्यक्ष ने धमकी दिया कि वह कार्यों की जांच कराएंगें। भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। VDO घनश्याम ने विरोध किया तो जिलाध्यक्ष उनको घसीटते हुए बाहर ले आए और उन्हें लात-घूसों से पीटा। कर्मचारियों ने किसी तरह से बीच--बचाव कर VDO को बचाया। इसके बाद जिलाध्यक्ष साथियों सहित वहां से चले गए।
ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने मामले की सूचना डीपीआरओ तुलसीराम को दी। डीपीआरओ VDO को लेकर थाने पहुंचे। वहां पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष पहले से मौजूद थे। इस दौरान भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। VDO की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
समारोह के लिए बारात घर की मांग की थी
VDO ने थाने में दी तहरीर में बताया कि भाजपा कार्यकर्ता ने शादी समारोह के लिए बारात घर की मांग की थी। जिस पर उन्होंने उच्चाधिकारियों से अनुमति लेने की बात कही। इस पर वह नाराज होकर चले गए।
सूचना पर पहुंचे राजापुर सीओ ने घटना की पड़ताल कर कार्यवाही के निर्देश दिए है। पहाड़ी थाना प्रभारी अजीत पांडे ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा तहरीर दी गई है। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने बताया कि पहाड़ी ब्लॉक पर किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की गई है। न ही किसी सरकारी काम में बाधा डाली गई है। ब्लॉक में कुछ लोग प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर गलत टिप्पणी कर रहे थे। इसका भाजपा के युवा मोर्चा के लोग विरोध किए हैं। जो भी तहरीर दी गई है, वह पूरी तरह से मनगढ़ंत है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 10, April 2025