आजमगढ़ : अनियंत्रित ट्रक घर में घुसी, एक की मौत, महिला सहित दो जख्मी
By -Youth India Times
Thursday, August 25, 20221 minute read
0
मकान पूरी तरह हुआ ध्वस्त, ट्रक से निकाला गया मृतक का शव आजमगढ़। बरदह क्षेत्र के भीरा बाजार में गुरुवार की सुबह आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर मिर्जापुर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया। ट्रक के खलासी की मौके पर मौत हो गई। वहीं ट्रक का चालक व मकान में झाड़ू लगा रही महिला समेत तीन घायल हो गए। घायलों का उपचार चल रहा है।
भीरा बाजार निवासी मो. शमशेर पुत्र स्व. इस्लाम का घर सड़क के किनारे है। परिवार के लोग सुबह मकान में सो रहे थे। इसी बीच सुबह करीब छह बजे आजमगढ़ से मिर्जापुर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर मकान का बारजा तोड़ते हुए घर में घुस गया। ट्रक में सवार खलासी 19 वर्षीय नीरज यादव अमरनाथ, 16 वर्षीय अर्जुन पुत्र बबलू निवासी बारीपुर थाना लालगंज जनपद मिर्जापुर, ट्रक चालक 45 वर्षीय उमेश यादव निवासी उसरी थाना लालगंज जनपद मिर्जापुर व मकान में झाड़ू लगा रही 35 वर्षीया आसमा बानो पत्नी जावेद घायल हो गयी। दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोग बचाव में जुट गए। घायलों को निकाल कर बरदह सीएचसी पर पहुंचाया। डॉक्टर ने खलासी नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चालक अर्जुन की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया। आसमा का उपचार चल रहा है। जेसीबी की मदद से ट्रक को घर से बाहर निकाला गया।