आजमगढ़: भाजपा जिलाध्यक्ष ने वरिष्ठ नेता को दिया धक्का, देखें वीडियो
By -Youth India Times
Friday, August 12, 20222 minute read
0
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बता रहा भाजपा में सबकुछ ठीक नहीं विगत दिनों जनपद में आये परिवहन मंत्री के स्वागत के दौरान हुआ वाकया आजमगढ़। सोशल मीडिया वायरल हो रहे वीडियो ने फिर भारतीय जनता पार्टी में हो रहे आन्तरिक द्वन्द को आम जनमानस के बीच लाकर रख दिया। यह वीडियो साफ संकेत दे रहा है कि भारतीय जनता पार्टी आजमगढ़ में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। बता दें कि जहां भारतीय जनता पार्टी द्वारा 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी पूरे जोर के साथ ही जा रही हैं वहीं वायरल वीडियो से जनता के बीच यह बात निकल कर आ रही है कि जिले के नेता वर्चस्व की लड़ाई लड़ने में व्यस्त हैं। बता दें कि हाल ही जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम था जिसमें कुछ मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह और युवा नेता विनीत सिंह ‘रीशू’ के बीच सोशल मीडिया पर विवाद जारी है। विगत दिनों जनपद में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का आगमन हुआ था, वे तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए जनपद में आये थे। दयाशंकर सिंह गेट से बाहर निकल रहे थे उसी दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा दिवाकर सिंह और जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा श्रीकांत मौर्य उनके स्वागत के लिए बढ़े। तभी मंत्री के साथ फोटो खिंचवा रहे जिलाध्यक्ष धु्रव कुमार सिंह ने दिवाकर सिंह को जोर से धक्का मार दिया। दिवाकर सिंह लड़खड़ाकर श्रीकांत मौर्य के ऊपर गिर गये। दोनों ही जमीन पर गिर गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि इसके बाद हंगामा खड़ा हो गया। मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा मामले को किसी तरह संभाला गया। उनके जाने के बाद पार्टी के नेताओं ने ही धक्का मारने की वीडियो फेसबुक व अन्य सोशल साइट पर शेयर कर पार्टी जिलाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मामला अब प्रदेश नेतृत्व तक पहुंच गया है। इस बावत दिवाकर सिंह ने बताया कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि जिलाध्यक्ष ने उन्हें धक्का मारकर गिरा दिया। इस संबंध में शीर्ष नेतृत्व ने हमसे पूछा, मेरे द्वारा घटनाक्रम से अवगत कराया गया। घटना किस कारण हुई यह मुझे भी नहीं पता, यह जिलाध्यक्ष ही बता सकते हैं। वहीं श्रीकांत मौर्या ने कहा कि जो हुआ अप्रत्याशित था। किसी ने भी अध्यक्ष से इस तरह की उम्मीद नहीं की थी। जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह इस मुद्दे पर कोई कोई बात करने से इनकार कर दिया।