आजमगढ़: एक ही रात चोरों ने तीन घरों को खंगाला, 12 लाख के जेवर चोरी
By -Youth India Times
Monday, September 05, 20221 minute read
0
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र में रविवार की रात बेखौफ चोरों ने पुलिस चौकसी को चुनौती देते हुए दो गांवों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए तीन घरों को खंगाल डाले। इन घरों से लगभग 12 लाख के जेवर और नगदी चोरों के हाथ लगी बताई गई है। घटना की छानबीन के लिए मौके पर जिला मुख्यालय से डाग स्क्वायड को भी बुलाया गया लेकिन नतीजा शून्य रहा। एक ही रात चोरी की इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। तहबरपुर थाना क्षेत्र के करियाबर गांव निवासी शिवमूरत उपाध्याय पुत्र गंगाराम के घर रविवार की रात धमके चोर घर में घुसकर बक्से आदि तोड़ डाले।इस बात की भनक परिवार वालों को नहीं लग सकी। चोर यहां से लगभग पांच लाख कीमत के जेवरात पर हाथ साफ कर दिए। घटना की जानकारी परिजनों को सोमवार की सुबह हुई। इसी रात चोरों ने पड़ोसी गांव किशुनीपुर में सुधई यादव पुत्र कोलई एवं निन्हकू उपाध्याय पुत्र पुरुषोत्तम के घरों पर धावा बोल दिया। यहां सुधई यादव के घर से लगभग सात लाख कीमत के आभूषण जबकि निन्हकू उपाध्याय के घर से केवल नगदी चोरों के हाथ लगी बताई गई है। सुबह गांव के सिवान में चोरी गए बक्से आदि टूटे हालत में पड़े मिले। घटना की जानकारी पाकर मुकामी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। घटना की छानबीन के लिए जिला मुख्यालय से खोजी कुतिया भी बुलाई गई लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पीड़ित परिवारों के मुखियाओं द्वारा तहबरपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। चोरी की इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भय व्याप्त हो गया है। लोग पुलिस चौकसी पर सवाल खड़े कर रहे हैं।