आजमगढ़: लाठी और पुलिस ने नहीं डरने वाले हैं सपाई

Youth India Times
By -
0

एयरपोर्ट के नाम पर जुमलेबाजी कर रही है तानाशाह सरकार-दुर्गा प्रसाद यादव
महंगाई को लेकर सपा ने निकाली पदयात्रा, सरकार पर जमकर बोला हमला
आजमगढ़। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश के सभी जनपदों में देश बनाओ-देश बचाओ पद यात्रा निकाली जा रही हैं। इसी के क्रम में आज सदर विधानसभा में सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव के नेतृत्व में पद यात्रा निकाली गयी। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, शिवमूरत यादव, शम्भू चौहान, संतोष सोनकर, रामअवध यादव, हरिराम यादव, रमानन्द यादव, वेद प्रकाश यादव, पद्माकर लाल वर्मा घुट्टुर सहित सैंकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। यह पदयात्रा गाजीपुर बलिया से होते हुए आजमगढ़ पहुंची। दो दिन पूर्व यह यात्रा सगड़ी और गोपालपुर विधानसभा से होते हुए आज सदर विधानसभा में पहुंची है।

पूर्व मंत्री व सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश व प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गयी है, महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। बेरोजगार सड़क डिग्री लिए घूम रहा है पर उसके लिए सरकार के पास नौकरी नहीं है। नौजवान सरकार के खिलाफ मुखर होकर बोल रहा है। सरकार के पास विकास के नाम पर कुछ नहीं है। सपा सरकार में कराये गये कार्यों पर भाजपा सरकार अपना लेबल लगा रही है। झूठे वादे कर भाजपा ने जनता को सिर्फ धोखा देने का काम किया है।
एयरपोर्ट को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि यह सरकार विकास नहीं सिर्फ जुमलेबाजी करना जानती है। आज हजारों किसान अपनी जमीन बचाने के लिए सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा सरकार सपाईयों के प्रदर्शन को देखते हुए डर गई है इसलिए कल होने वाले प्रदर्शन से पहले ही सपा विधायक और नेताओ को घर में ही बंद कर दिया गया। उनके घरों के बाहर फोर्स तैनात कर दी गई। प्रदर्शन कर नेताओं पर लाठी चार्ज किया गया लेकिन सरकार को यह पता नहीं है कि ये सपाई उनके लाठी और पुलिस से डरने वाले नहीं है। आने वाले दिनों में जनता इस सरकार को उखाड़ फेकने का काम करेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)