आजमगढ़: उफनाई घाघरा में टूटा बांध, कई गांवों में घुसा पानी; देखें वीडियो

Youth India Times
By -
2 minute read
0


आजमगढ़/मऊ। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बाढ़ ने विकराल रूप अख्तिायार कर लिया है। आजमगढ़ में उफनाई घाघरा के चलते महुला में बांध टूट जाने से बुरी हालत हो गई है। सीमावर्ती मऊ के गांवों में भी तेजी से पानी घुसने लगा है। इलाहाबाद-गोरखपुर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। सूचना मिलते ही आला अधिकारी बाढ़ के हालात का जायजा ले रहे हैं। बांध टूटने की वजह से मौके पर अफरातफरी का माहौल है। बताया जा रहा है कि घाघरा नदी खतरा बिन्दु 69.90 मीटर से 71.50 मीटर पर पहुंच गई है। क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में पानी तेजी से घुस रहा है।

घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर ने 24 साल का पुराना रिकार्ड तोड़ दिया है। बदरहुआ रेगुलेटर पर 1998 में नदी का जलस्तर 72.98 मीटर सर्वाधिक था। गुरुवार को 73.30 मीटर पर नदी बह रही थी। महुला के छितैनी के पास नदी का पानी बांध पर ओवरफ्लो होने लगा। जिसे बांधनें में लोग जुटे रहे। क्षेत्र में कई स्थानांे पर बांध में रिसाव शुरू हो गया। करीब 70 गांव की बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। क्षेत्र के लोगों के आवगमन के लिए 460 नावें लगाई हैं। घर छोड़ कर लोग सुरक्षित स्थान पर जा रहे हैं। घाघरा नदी के जलस्तर रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि हो रही है। जिससे देवारा क्षेत्र के लोगों की मुश्किले बढ़ रही है। पानी से घिरे गांव के लोग अपने समानो को समेट कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे है। गांव पूरी तरह से पानी से घिर गए है। 70 गांव की करीब 65 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। महुला गढ़वल बांध में महुला से हैदराबाद तक बंधे में जगह जगह रिसाव हो रहा था। अजमतगढ़ विकासखंड के महुला ग्राम पंचायत के छितौनी गांव के पास बंधे में रिसाव के साथ ही पानी ओवरफ्लो भी हो रहा है। टेकनपुर में भी बंधे से रिसाव हो रहा है। हरैया विकासखंड के सहनुपुर, सहबदिया, परसिया गांगेपुर, हाजीपुर, सौनौरा, हैदराबाद तक बंधे में रिसाव हो रहा है। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड दिलीप कुमार ने बताया कि रिसाव वाले स्थानों पर मरम्मत कराया जा रहा है। खतरे की कोई बात नहीं है। बंधा सुरक्षित है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 12, April 2025