आजमगढ़: हत्यारोपी पिता-पुत्र के खिलाफ हुई गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
By -Youth India Times
Friday, December 23, 20221 minute read
0
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ आजमगढ़। जमीन विवाद को लेकर 21 जून को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धन्धारी गांव में डबल मर्डर की वारदात को अंजाम देने तथा एक बुजुर्ग महिला को गोली मारकर घायल कर देने के मामले में आरोपित पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गौरतलब है कि गंधारी ग्राम निवासी मनीष सिंह एवं उनके पिता श्री नारायण सिंह को बीते 21 जून की सुबह संपत्ति विवाद के चलते उनके पूर्व फौजी बेटे ने अपने परिजनों के साथ लामबंद होकर गोली मार दी। इस घटना में मनीष सिंह एवं उनके पिता श्रीनारायण सिंह की मौत हो गई। जबकि परिवार की बुजुर्ग महिला अवधराजी देवी गोली लगने से घायल हो गईं। इस मामले में मृतक मनीष की पत्नी कामिनी सिंह द्वारा विपक्षी भसुर मनोज सिंह तथा उनके पुत्र यशवंत सिंह व नीतिन सिंह और सांस इसरावती देवी पत्नी श्रीनारायण सिंह के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना की विवेचना के उपरांत पुलिस ने नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। जिला प्रशासन की संस्तुति पर कप्तानगंज पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में मुख्य आरोपी पूर्व सैनिक मनोज सिंह व उसके पुत्र यशवंत सिंह को गैंगस्टर एक्ट में पाबंद कर दिया।