कमरे में मिला सिपाही की पत्नी का शव

Youth India Times
By -
2 minute read
0

दो महीने पहले की थी लव मैरिज
कसया। कुशीनगर में कसया थाना क्षेत्र में बंद कमरे में सिपाही की पत्नी का शव मिला। बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजे का ताला तोड़कर शव को बाहर निकाला। वहीं फारेसिंक टीम के साथ एएसपी रितेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के परिजनों ने सिपाही पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मंसाछापर, मंगरूआ की रहने वाली सोनी (22) की शादी दो माह पूर्व जटहा बाजार थाने में तैनात कांस्टेबल रोशन रॉय से हुई। दोनों के बीच दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। करीब दो माह पूर्व मामला एसपी के पास पहुंचा तो उन्होंने सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके बाद ‌कांस्टेबल ने सोनी से शादी कर कसया थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव में मकान किराए पर लेकर रहने लगा।
बुधवार शाम बाहर से ताला बंद कमरे से तेज दुर्गंध उठने पर लोगों को संदेह हुआ। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर देखा तो कंबल में लिपटा सोनी का शव पड़ा था। पुलिस ने कांस्टेबल के मोबाइल पर फोन किया तो वह स्वीच ऑफ बताने लगा। युवती के मायके वालों को सूचना दी गई। रोती-बिलखती पहुंची सोनी की मां और बहन ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या करके कांस्टेबल भाग गया है। मां और बहन ने बताया कि शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
सिपाही कसया में पोस्टिंग के दौरान युवती से संपर्क में आया था। इसके बाद दोनों लिव इन में रहने लगे। लेकिन बाद में सिपाही ने युवती से शादी करने से इंकार कर दिया और कसया से जटहा थाने में अपना ट्रांसफर करा लिया, जिसके बाद एसपी से युवती ने न्याय की गुहार लगाई। दो महीने पहले एसपी की पहल पर दोनों ने मंदिर में शादी की। मृतका की बहन ने बताया कि 17 तारीख को सोनी से आखिरी बार बात हुई थी।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि शव एक सप्ताह पुराना लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की पुष्टि होगी। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी कांस्टेबल का मोबाइल फोन स्वीच ऑफ बता रहा है। उसकी तलाश कराई जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 11, April 2025