हो रहा सत्ता का खुला दुरूपयोग, नहीं कुछ मिला तो शराब काण्ड में फंसा दिया आजमगढ़। यूपी के आजमगढ़ जिले की फूलपुर-पवई सीट से सपा विधायक रमाकांत यादव को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार को फतेहगढ़ जेल से आजमगढ़ कोर्ट पेशी के लिए लाया गया। जिले में बाहुबली की पहचान रखने वाले पूर्व सांसद व मौजूदा विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार सत्ता का पूरी तरह से दुरुपयोग कर रही है। मुझे शराब कांड में फर्जी फंसाया गया है। सत्ता के दबाव में मेरा उत्पीड़न शासन-प्रशासन कर रहा है।
समाजवादी पार्टी के विधायक रमाकांत यादव इन दिनों माहुल जहरीली शराब कांड समेत कुल 8 मामलों में जेल की सलाखों के पीछे है। शासन के आदेश पर उन्हें आजमगढ़ जेल से फतेहगढ़ जेल भेज दिया गया था। विधायक पर दर्ज मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही हे।
सोमवार को सुनवाई की तारीख थी। पेशी पर रमाकांत यादव फतेहगढ़ जेल से दीवानी न्यायालय लाए गए। न्यायालय परिसर में मीडिया से उन्होंने भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए। सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
इसके साथ ही कहा कि उन्हें जहरीली शराब कांड में फर्जी फंसाया गया है। न्यायालय पर उन्हें भरोसा है और जल्द ही उन्हें न्याय मिलेगा। रमाकांत यादव के वकील आद्या प्रसाद दुबे ने बताया कि वर्तमान में विधायक पर आठ मुकदमे चल रहे हैं। सोमवार को मुख्य रूप से माहुल जहरीली शराब कांड में उनकी पेशी थी। वे एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश अशोक कुमार की अदालत में पेश हुए। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की रिमांड पर लिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें फतेहगढ़ जेल रवाना कर दिया गया।
बाहुबली विधायक की पेशी की जानकारी होने के चलते भारी संख्या में उनके समर्थक सोमवार को सुबह से ही दीवानी न्यायालय के आसपास जुटने लगे थे। रमाकांत यादव के दीवानी न्यायालय पहुंचने पर हजारों की संख्या में समर्थक जुट गए थे।
भीड़ को नियंत्रित करने में शहर कोतवाली पुलिस पूरी तरह से फेल नजर आई। इस दौरान जम कर धक्का-मुक्की हुई और रमाकांत के समर्थक उन तक पहुंचने में भी सफल रहे। इसी दौरान मीडियाकर्मी भी रमाकांत का बयान लेने के प्रयास में जुटे थे।