आजमगढ़ : साइबर क्राइम सेल ने जालसाजी की शिकार महिला की रकम बचाई
By -Youth India Times
Wednesday, May 24, 20231 minute read
0
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ आजमगढ़। जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन परिसर में स्थित साइबर क्राइम सेल ने जालसाजी का शिकार महिला के खाते से उड़ाए गए एक लाख नब्बे हजार रुपए वापस कराया। बताते चलें कि सिधारी थाना क्षेत्र की रहने वाली रीता सिंह पत्नी राजेश कुमार सिंह ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके मोबाइल फोन पर काल करने वाली अज्ञात महिला ने खुद को एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट से बोलते हुए कहा कि आपका क्रेडिट कार्ड एक्टिव करना है और उसने मोबाइल पर लिंक भेज कर एनी डेस्क ऐप डाउनलोड कराया। इसके बाद मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खाते से कुल एक लाख नब्बे हजार रुपए निकाल लिए गए। जालसाजी की शिकार महिला ने तत्काल इसकी शिकायत साइबर क्राइम सेल में दर्ज कराई। घटना की जांच सेल के नोडल अधिकारी एसपी यातायात के निर्देशन में की गई। इस दौरान संबंधित बैंक से लेन-देन तथा संलग्न दस्तावेज की जानकारी प्राप्त कर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जालसाजी में प्रयुक्त सभी बेनिफिशरी खाते को तत्काल फ्रीज कराते हुए फ्राड की गई धनराशि को होल्ड करा दिया गया। साइबर सेल के माध्यम से 48 घंटे के भीतर फ्राड की गई पूरी धनराशि पीड़ित महिला के बैंक खाते में वापस कराई गई। अपने मेहनत की कमाई धनराशि वापस पाकर पीड़ित परिवार ने साइबर क्राइम सेल की टीम में शामिल मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार भारती,आरक्षी सत्येंद्र यादव व राहुल सिंह का आभार जताते हुए पुलिस कार्यवाही की सराहना की है।