आजमगढ़: वीडीओ भर्ती परीक्षा में सॉल्वर गिरोह का आरोपी लेखपाल निलंबित
By -Youth India Times
Wednesday, June 28, 20231 minute read
0
सरगना की तलाश में जुटी पुलिस आजमगढ़-जौनपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की वीडीओ भर्ती परीक्षा में आजमगढ़ में नकल कराने की साजिश रचने में पकड़े गए 13 आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया। हालांकि गिरोह का सरगना प्रयागराज के फूलपुर निवासी आशीष पटेल फरार है। उसके इशारे पर काम कर रहे लेखपाल कमलेश यादव को जिला प्रशासन ने निलंबित कर दिया। स्वाट प्रभारी मनोज सिंह, सर्विलांस प्रभारी राम जनम यादव व लाइन बाजार की पुलिस टीम ने मंगलवार को मियांपुर जज कॉलोनी से 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमें जिले में सरगना के तौर कमलेश यादव काम कर रहा था। वह लोगों को तैयार करता था और पैसे की वसूली करता था। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से लेकर अन्य संसाधनों को मुख्य सरगना आशीष पटेल मुहैया कराता था। कमलेश यादव 2016 बैच का लेखपाल बताया जा रहा है। उसके पास करंजाकला ब्लॉक के बैजापुर, बरसावा, रामपुर दवल सिंह, जलालपुर गांवों की जिम्मेदारी थी। 38 वर्षीय कमलेश यादव बगल के जिले आजमगढ़ के सरायभादी तरवा का रहने वाला है। सीओ सिटी कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि सर्विलांस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी। पकड़े गए लेखपाल कमलेश यादव के खिलाफ जिलाधिकारी को विभागीय पत्र लिख दिया है। जौनपुर डीएम अनुज कुमार झा ने कहा कि दोषी लेखपाल के खिलाफ पुलिस विभाग की तरफ से विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है। इस पर तत्काल एक्शन लेते हुए उसे निलंबित किया जा चुका है।