वाराणसी में सपा को बड़ा झटका, शालिनी यादव भाजपा में शामिल

Youth India Times
By -
1 minute read
0
पीएम मोदी के खिलाफ लड़ी थीं चुनाव
वाराणसी। मिशन 2024 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी को वाराणसी में बड़ा झटका लगा है। 2019 में पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ लोकसभा का चुनाव लड़ने वाली शालिनी यादव ने सपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने सोमवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दिग्गज कांग्रेसी नेता व केंद्रीय मंत्री रहे श्याम लाल यादव की पुत्र वधु शालिनी यादव 2019 में कांग्रेस से सपा में शामिल हुई थीं। शालिनी 2017 में वाराणसी से मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं। निकाय चुनाव में महापौर प्रत्याशी के तौर पर उन्हें 113345 वोट मिले थे। वह दूसरे नंबर पर रही थीं। लोकसभा चुनाव 2019 में सपा गठबंधन ने शालिनी यादव को वाराणसी सीट से पीएम मोदी के खिलाफ उतारा था। वो करीब दो लाख मत पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। शालिनी के अलावा सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पीयूष यादव ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। शालिनी यादव पेशे से फैशन डिजाइनर हैं। उन्हें राजनीति अपने ससुर कांग्रेस नेता व केंद्रीय मंत्री रहे श्याम लाल यादव से मिली है। गाजीपुर की रहने वाली शालिनी यादव की शादी श्यामलाल यादव के छोटे सुपुत्र अरुण से हुई है। बीएचयू से बीए ऑनर्स करने बाद शालिनी ने फैशन डिजाइनिंग में डिप्लोमा किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 10, April 2025