अमित शाह से मिले दारा सिंह, ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ

Youth India Times
By -
1 minute read
0
लखनऊ। बीते साल ऐन चुनावी मौसम में भाजपा का दामन छोड़ साइकिल पर सवार होने वाले पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को फिर भगवा रास आ रहा है। अब लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने दारा के जरिए सपा को झटका देने की तैयारी कर ली है। इसे पार्टी की पिछड़ों को जोड़ने की मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है। दिल्ली में भाजपा नेतृत्व से मुलाकात के बाद दारा सिंह ने सपा कोटे से मिली विधायकी छोड़ दी। उनका सरकार में शामिल होना तय माना जा रहा है।
दरअसल पिछड़ी जाति (नूनियां) से आने वाले दारा सिंह पूर्वांचल का ओबीसी चेहरा हैं। आजमगढ़, घोसी, गाजीपुर, जौनपुर सहित कई अन्य सीटें भाजपा के आंतरिक सर्वे में रेड जोन का हिस्सा हैं। ऐसे में पार्टी यहां सामाजिक समीकरण दुरुस्त कर हारी सीटें जीतने की फिराक में जुटी है। दारा के आने से जहां भाजपा अपना सपा से पुराना बदला चुका लेगी, वहीं मऊ व आसपास के क्षेत्र में मजबूती भी मिलेगी।
दारा सिंह चौहान शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली में थे। इस्तीफे की खबर आम होते ही उन्हें लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। खबर है कि चौहान सोमवार को 11 बजे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलेंगे। इससे पहले रविवार को वे भाजपा नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार शाम विदेश यात्रा से लौटते ही केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। ठीक उसी समय दारा सिंह के इस्तीफे ने उनके दिल्ली की राह पकड़ने की चर्चाएं भी तेज हैं। दूसरी चर्चा उनके फिर योगी मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर भी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 11, April 2025