आजमगढ़: कटी केबल की चपेट में आने से किसान की हुई मौत

Youth India Times
By -
1 minute read
0
परिजनों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। धान की फसल को देखने घर से निकला किसान जब काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजन उसे ढूढ़ते हुए खेत की तरफ गये। खेत में किसान को गिरा देख परिजनों की चीख निकल पड़ी। उसके शरीर के नीचे कटी केबल पड़ी थी। परिजनों ने आस-पास के लोगों की मदद से केबल हटाकर आनन-फानन में उसे स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गये, जहां डाक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
विवेकानन्द राय 50 वर्ष पुत्र बैजनाथ ग्राम बेलवाना थाना बरदह के रहने वाले थे। आज दोपहर करीब 2 बजे वे घर के सामने स्थित अपने धान के खेत को देखने के लिए गये। करीब दो घंटा बीत जाने के बाद जब वे घर वापस नहीं लौटे तो परिजन उनको ढूढ़ते हुए खेत की तरफ गये। विवेकानन्द धान के खेत में पानी में गिरे हुए पड़े थे। उनके शरीर के नीचे कटी हुई बिजली की केबल दबी हुई थी। परिजनों ने शोर मचाया तो आस पास के लोग भी मौके पर पहुंच गये। लोगों की मदद से केबल हटाकर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना का दोषी विद्युत विभाग को ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि विद्युत विभाग के ही लोग केबल को काटकर छोड़ रखे थे। मृतक को एक पुत्र और दो पुत्री हैैं जो अविवाहित हैं। पत्नी प्रतिमा राय का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। थानाध्यक्ष विनय कुमार दूबे ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जायेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)