आजमगढ़: हाथों में तिरंगा और जुबां पर मां भारती की जयकार

Youth India Times
By -
3 minute read
0
जिले में धूमधाम से मना आजादी का त्यौहार
चहुंओर दिखी राष्ट्र प्रेम की भावना, बच्चों और युवाओं में रहा गजब का उत्साह
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। जनपद में मंगलवार को आजादी की 77वीं वर्षगांठ हर्षाेल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई। बच्चे बुजुर्ग और युवाओं में राष्ट्रीय पर्व के प्रति गजब का उत्साह देखने को मिला। जनमानस में देशभक्ति का आलम यह कि सरकारी कार्यालयों और लोगों के घरों व प्रतिष्ठानों पर आन- बान और शान से लहरा रहे तिरंगे ध्वज नीले गगन की सुंदरता में चार चांद लगा रहे थे। वैसे तो आजादी का जश्न मनाने के लिए लोगों ने पहले ही तैयारी शुरू कर दी थी लेकिन राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर स्वतंत्रता दिवस को मनाने के लिए लोग ज्यादा उत्साहित नजर आए। सरकारी कार्यालयों पर केसरिया, श्वेत एवं हरित रंगों में की गई विद्युत सज्जा अलग छटा बिखेर रही थी। विद्युत खंभों पर की गई सजावट हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहीं थीं। जिला मुख्यालय पर सफाई के लिए लगाए गए कर्मचारियों द्वारा देर रात तक शहर को चमका दिया था भोर तक कचरों की उठान और शहर की सड़कों के किनारे चूने का छिड़काव कर लोगों को राष्ट्रीय पर्व मनाने के लिए तैयार कर दिया गया था। नगरपालिका प्रशासन की तैयारी काबिले-तारीफ रही। राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर प्रशासन की ओर से शहर के नेहरू हाल सभागार में आयोजित कवि सम्मेलन में आमंत्रित कवियों ने वहां उपस्थित जनसमूह में अपनी काव्य प्रस्तुति राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। सुबह होते ही स्कूल ड्रेस में तैयार बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों की टोली अपने विद्यालयों में पहुंच कर जोश और खरोश के साथ फहराए गए राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया। स्कूलों में बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभातफेरी में देश को आजादी दिलाने में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देने वाले अमर शहीदों के सम्मान में लगाए जा रहे गगनभेदी नारे लोगों को रोमांचित करने के लिए काफी रहे। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपने- अपने कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कुल मिलाकर आजादी का अमृत महोत्सव जिले में धूमधाम से मनाया गया।

देवालयों में भी नजर आया राष्ट्रप्रेम का भाव
आजमगढ़। राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए सरकारी व निजी संस्थानों पर की गई आकर्षक तैयारी एक दिन पूर्व पूरी कर ली गई थी तो देवालयों में भी इसकी तैयारी कुछ कम नहीं रही। श्रद्धा के साथ आस्थावान भक्तों द्वारा देवालयों की भी तिरंगे से की गई सजावट अलग आभा बिखेर रही थी। सावन मास में देवाधिदेव महादेव को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने इस बार मंदिरों को कुछ इस तरह सजाया था कि देवालय भी लोगों के दिलों में राष्ट्र प्रेम का भाव भर रहे थे। नगर के मातबरगंज मोहल्ले में स्थित शंकर जी तिराहे पर युवाओं ने धार्मिक स्थल को कुछ इस तरह सजाया था कि मानो भूत-भावन भगवान शिव भी तिरंगे वस्त्रों में सज- धज कर मानो श्रद्धालुओं को देशभक्ति का संदेश देते हुए आशीर्वाद दे रहे हों। तीन रंगों में सजे देवालयों की आकर्षक सजावट लोगों में राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रही। मंगलवार को राष्ट्रीय पर्व के शुभ अवसर पर मातबरगंज मोहल्ले में लालडिग्गी बंधे पर स्थित मनोकामना पूर्ति शिव मंदिर पर देशभक्ति आधारित पूजा अर्चना के साथ ही भव्य भण्डारे का आयोजन किया गया जिसमें आस्थावान लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। 

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 10, April 2025