आजमगढ़: युवक को पोखरी में दिया धक्का, मौत

Youth India Times
By -
1 minute read
0
रास्ते के विवाद का मामला, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के फत्तनपुर गांव में गुरुवार देर रात नाली व रास्ते के विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने युवक को पोखरे में धक्का दे दिया। जिससे पोखरी में डूबकर युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। पवई थाना क्षेत्र के फत्तनपुर गांव निवासी विजय यादव (28) पुत्र राममिलन यादव ऑटो चालक का काम करता था। उसके घर के सामने नाली व रास्ते के निर्माण को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। गुरुवार की शाम करीब सात बजे रामापुर बाजार में विजय के भाई राजकुमार ने उसे सब्जी खरीदकर घर ले जाने के लिए दिया था। विजय घर पैदल जा रहा था कि घर से 500 मीटर पहले पोखरे पर गांव के कुछ लोग विजय को मिले और पुनः विजय उन लोगों के साथ रामापुर बाजार वापस गया। बाजार में साथ बैठकर शराब पीने के बाद सभी लोग एक साथ घर के लिए निकले और गांव के पोखरे के पास पहुंचकर उसके साथ के लोगों के बीच कुछ कहासुनी हुई। इसी दौरान विजय को पोखरे में धकेल दिया। जिससे पोखरे में डूबने से विजय की मौत हो गई। मृतक के पास एक पुत्र व एक पुत्री है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में जगदंबा, सूरज, जयहिंद व शशिकांत के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर जांच में जुट गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 16, April 2025