आजमगढ़: कोटा में जेईई की तैयारी कर रहे छात्र ने की खुदकुशी

Youth India Times
By -
1 minute read
0
टेस्ट में कम नंबर आने से था हताश
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले के एक किशोर ने कोटा (राजस्थान) में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वह जेईई की तैयारी कर रहा था। घटना से कुछ घंटे पहले ही वो अपने पिता से मिला था। स्टेशन तक छोड़ने भी आया था। ट्रेन में घटना की जानकारी मिली तो वह वापस कोटा चले गए। बताया जा रहा है कि छात्र टेस्ट में कम नंबर आने से हताश था।
आजमगढ़ के आराजीबाग मुहल्ला निवासी मनीष प्रजापति (17) पुत्र संतोष प्रजापति हाईस्कूल उत्तीर्ण करने के बाद जेईई की तैयारी के लिए कोटा राजस्थान चला गया था। डेढ़ साल से वह वहां तैयारी कर रहा था। वह जवाहर नगर पुलिस थानाक्षेत्र के महावीर नगर स्थित एक हॉस्टल में रह रहा था। उसने जिले के एक विद्यालय में इंटरमीडिएट में भी प्रवेश ले रखा था। जिस कोचिंग से वह तैयारी कर रहा था, उसके टेस्ट में नंबर कम आए थे। जानकारी होने पर पिता संतोष प्रजापति गुरुवार सुबह कोटा पहुंचे थे। इसके बाद पिता ट्रेन से घर के लिए रवाना हो गए। वह दिल्ली ही पहुंचे थे कि उनके नंबर पर बेटे की मौत की सूचना आ गई। दिल्ली में ही ट्रेन से उतर कर वह वापस कोटा रवाना हो गए। वहां से बेटे का शव लेकर घर के लिए रवाना हो गए। मनीष दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई हाईस्कूल का छात्र है। हॉस्टल की देखरेख करने वाले के अनुसार, बताया कि मनीष चार महीने पहले ही इस हॉस्टल में आया था। गुरुवार को मिलने आए मनीष के पिता नाराज से लग रहे थे। बताया कि मनीष को शाम को करीब सात बजे मेस में खाना खाते समय अंतिम बार देखा गया था। वहां की पुलिस के अनुसार, मनीष ने बेडशीट से फंदा लगाया था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 17, April 2025