कार सवारों ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों पर तड़तड़ाई गोलियां

Youth India Times
By -
2 minute read
0
एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

जौनपुर। जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के असुआपार गांव के पास गुरुवार देर शाम बदमाशों ने दो चचेरे भाइयों पर गोलियां तड़तड़ाई। गोली लगने से दोनों भाई घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। उसे बदलापुर सीएचसी से जिला अस्पताल के रेफर कर दिया गया। घटना आबादी की जमीन के विवाद को लेकर बताई गई है। घटनास्थल पर रात तक बदलापुर समेत कई थानों की पुलिस डटी रही। महराजगंज थाना क्षेत्र के गोंदालपुर गांव निवासी शिव कुमार (35) और उसका चचेरा भाई जितेंद्र (24) गुरुवार बदलापुर थाना क्षेत्र के पुरालाल गांव में प्रधान के यहां इंटरलॉकिंग बिछाने गए थे। देर शाम एक ही बाइक से दोनों घर के लिए निकले। रात करीब आठ बजे असुआपार गांव के पास चार पहिया गाड़ी से पहुंचे बदमाशों ने बाइक सवार भाइयों पर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते चार पहिया वाहन सवार बदमाश फरार हो गए। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे सड़क पर बाइक समेत गिरे गोली लगने से लहूलुहान भाइयों पवर नजर पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आननफानन घायलों को सीएचसी बदलापुर भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि जितेंद्र की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। गोंदालपुर के प्रधान विनोद कुमार पाल ने बताया कि आबादी की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप लगाया कि इसी विवाद में शिव कुमार की हत्या हुई है। मामले में पहले भी मारपीट हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। बावजूद इसके मामला हल नहीं हो सका था। सीओ बदलापुर अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पट्टीदारों द्वारा गोली मारकर हत्या करने का मामला है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। इस मामले में तहरीर के आधार कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 15, April 2025