हत्या के बाद महिला के शरीर के किये टुकड़े-टुकड़े

Youth India Times
By -
3 minute read
0
कुंए से बरामद हुए दोनों हाथ, एसपी ने जांच में चार टीमें लगाई
फतेहपुर। फतेहपुर जिले के चौडगरा कस्बे में रामगंगा निचली नहर की पटरी पर महिला का सिर व दोनों हाथ कटा हुआ शव बरामद हुआ। देर रात पुलिस शव की शिनाख्त कर सकी। देर शाम पुलिस ने वीरपुर गांव स्थित कुएं से महिला के दोनों हाथ बरामद किए हैं। हत्या की वजह प्रापर्टी बताई जा रही है। कानपुर महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीगांव निवासी रजनी कुशवाहा (30) के पति दयाराम कुशवाहा की करीब 10 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद रजनी परिवार से अलग रहती थी। वह सिलाई और कास्मेटिक की दुकान संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करती थी। एक माह पहले ससुर ननकऊ कुशवाह मौत हो गई। ननकऊ के दयाराम के अवाला तीन पुत्र शिवराम, जयराम, सियाराम थे। ननकऊ से कुछ दिनों पहले तीनों बेटों ने जमीन का बैनामा करा लिया था। पता लगने पर बैनामे में रजनी ने आपत्ति दाखिल की थी।
इधर, रजनी का शुक्रवार सुबह कल्यानपुर थाना क्षेत्र के कोरसम गांव नहर पटरी पर झाड़ियों के बीच शव मिला। ग्रामीण शव देखकर सिहर गए। सिर और दोनों हाथ कटे हुए थे। एसपी उदय शंकर सिंह, एएसपी विजय शंकर मिश्रा, फोरेसिंक टीम समेत भारी अमला मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर गोल बैगन के दो बोरे पड़े मिले। मृतका की नाक की कील, गले का माला मिला। महिला मैक्सी पहने हुए थी। एसपी ने जांच में चार टीमें लगाई। हाथीगांव से महिला और उसके देवरों के लापता होने का पता लगा। इसके आधार पर बिंदकी सीओ सुशील दुबे ने टीम के साथ हाथीगांव से लोगों की धरपकड़ की। हत्या के पीछे प्रापर्टी विवाद का मामला आया है। सीओ ने बताया कि महिला के शव की शिनाख्त हो चुकी है। देर शाम खजवा कस्बे के वीरपुर गांव कुएं से महिला के दोनों हाथ बरामद किए हैं। मामले की गहनता से जांच चल रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। कोरसम गांव में शव मिलने वाली जगह पर गोल बैगन के दो बोरे मिले हैं। एक बोरा जूट और दूसरा बोर खाद का है। दोनों बोरे फटने से बैगन बिखरे मिले हैं। इन बैगनों की पैदावार आसपास के कुछ चिन्हित गांवों में होती है। इन गांवों में संपर्क करने के दौरान जिला पुलिस ने कानपुर महाराजपुर पुलिस से संपर्क किया। इससे महिला की पहचान हो सकी। बोरे में बैगन मिलने से घटना किसान परिवार की मानी जा रही थी। बैगन की पैदावार कानपुर के महाराजपुर की गंगा कटरी, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के भाऊपुर गांव किनारे कटरी, खजुहा चौकी आसपास के गांव, बकेवर थाने के शाहजहांपुर, औंग के बनियनखेड़ा गांव के किसान करते हैं। इस तरह से पुलिस बैगन के सहारे महिला की शिनाख्त में कामयाब हो सकी। वारदात स्थल पर आने और जाने के चार प्रमुख रास्ते हैं। पुलिस चारों रास्तों के फुटेज खंगालने में जुटी है। पुलिस को हाथीगांव में जांच के दौरान रजनी के घर से कुछ टूटे बाल और तोड़िया बरामद हुई है। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि हत्या हाथीगांव में गला दबाकर की होगी। शव ठिकाने लगाने कातिल लेकर आए हैं। पुलिस ने काटे गए सिर और हाथों की क्षेत्र में 100 मीटर तक तलाश की। कोई सुराग नहीं लग सका। हालांकि देर रात दोनों हाथ बरामद कर लिए गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)