आजमगढ़: शादी से एक दिन पहले ही लापता हुआ दूल्हा

Youth India Times
By -
1 minute read
0
वधू पक्ष ने दहेज मांगने का लगाया आरोप, दूल्हे के परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के अवसानपुर गांव निवासी दुर्गेश प्रजापति पुत्र खेलावन प्रजापति की शादी 5 दिसंबर को नीतू प्रजापति पुत्री प्रह्लाद ग्राम छितौनी खास थाना अतरौलिया के साथ महीनों पूर्व तय हुई थी। सोमवार को वधू पक्ष द्वारा बारात की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई तथा हल्दी की रस्म भी बड़े धूमधाम से मनाई गई। इसी बीच रात लगभग 10.30 बजे शादी की मध्यस्थ गांव की ही महिला पुष्पा प्रजापति द्वारा लड़की के भाई को सूचना मिली कि दूल्हा सुबह से ही गायब हो गया है। यह सुनते ही लड़की पक्ष के घर अफरा-तफरा मच गयी। मंगलवार की सुबह बधू पक्ष के दर्जनों लोग महराजगंज थाने पर आ धमके और दूल्हे के स्वजनों पर दहेज के लिए दूल्हे को भगाने व दहेज में चार लाख नकद सहित अंगूठी व चेन दिये जाने की बात कहते हुए थाने पर प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। वहीं थाने पर पहुंचे दूल्हे के भाई ताड़केश्वर उर्फ गोवर्धन ने लड़की पक्ष के आरोपी को खारिज करते हुए कहा कि मेरा भाई सुबह लगभग 8 बजे कपड़ा खरीदने के लिए पैदल सरदहा बाजार गया था तब से अभी तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने दूल्हे के भाई की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गयी तथा लड़की पक्ष को चार दिन बाद आने की बात कह कर वापस भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी के. के. गुप्ता ने बताया कि लड़के वालों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर सर्विलांस आदि माध्यमो से उसकी तलाश की जा रही है। लड़के के मिलते ही सारी हकीकत सामने आ जाएगी इसके पश्चात विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)