बारात चढ़ने से पहले दूल्हे को मारी गोली

Youth India Times
By -
2 minute read
0
कार में आए हमलावर फायरिंग कर फरार
मथुरा। मथुरा में कस्बा नौहझील के एक मैरिज होम में आयोजित विवाह समारोह में उस समय हड़कंप मच गया जब बारात चढ़त की तैयारी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने दूल्हे को गोली मार दी। गंभीर घायल दूल्हे को उपचार के लिए ले जाया गया है। थाना नौहझील के गांव फरीदमपुर निवासी निरंजन सिंह की बेटी सोनम की शादी कस्बे के कृष्णा मैरिज होम में होनी थी। बुलंदशहर से आई बारात का स्वागत चल रहा था। दूल्हा गौरव अपने दोस्तों के साथ मैरिज होम से थोड़ी दूर बारात चढ़त को तैयार था। बताया जा रहा है कि दूल्हा गौरव लघुशंका के लिए सड़क किनारे गया, इसी बीच एक कार में आये अज्ञात हमलावरों ने गौरव को गोली मार दी। गोली उसकी जांघ में लगी है। दूल्हे के गोली लगते ही वहां हड़कंप मच गया। गोली मारने के बाद कार सवार भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल दूल्हे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के उपरांत दूल्हे के परिजन उसे उपचार के लिए जेवर ले गए हैं।
नौहझील में दूल्हे को गोली मारने के मामले में कस्बा चौकी प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि कृष्णा मैरिज होम में बुलंदशहर से बारात आई थी। कार में सवार अज्ञात हमलावरों ने दूल्हे में गोली मार दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अभी तक पुलिस को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार दूल्हा गौरव के पिता लेखपाल मूल रूप से अलीगढ़ के पिसावा के निकट दमुआका गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में वह बुलंदशहर में डीएम रोड पर रहते हैं। अपनी बारात लेकर मथुरा आए थे। आपसी रंजिश में गोली मारी गई या प्रेम प्रसंग का मामला है इसकी जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 10, April 2025