आजमगढ़: निशानेबाजी में अर्जुन-अभिषेक की जोड़ी ने किया जिले का नाम रोशन

Youth India Times
By -
0
50 मीटर राइफल स्पर्धा में अर्जुन ने दो स्वर्ण पदक तो अभिषेक ने रजत पदक किया हासिल
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’

आजमगढ़। कोशिश करने वाले की कभी हार नहीं होती। इस वाक्य को जिले के दो होनहार निशानेबाजों ने सही साबित कर दिखाया। जिले के तरवां क्षेत्र के जमुवां ग्राम निवासी स्व० रणधीर सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह पिछले महीने आयोजित हुई निशानेबाजी प्रतियोगिता में पदक जीतने से चूक गए फिर भी इन्होंने हार नहीं मानी। अपनी मेहनत बरकरार रखते हुए मंगलवार को नई दिल्ली में चल रही 23वीं प्री स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए 50 मीटर राइफल में दो स्वर्ण पदक जीत कर जिले का गौरव बढ़ाते हुए पूरे प्रदेश में जीत का परचम लहराया। वहीं इसी क्षेत्र के मुसवां ग्राम निवासी अभिषेक सिंह ने भी रजत पदक पर कब्जा जमाकर जिले का नाम रौशन किया है। इस उपलब्धि को पाकर आह्लादित अर्जुन सिंह ने आने वाले समय में स्वर्ण पदक जीतने का दावा किया है। विगत वर्ष 2022 में अर्जुन ने अपने सपने को परिवार वालों से साझा किया और उनका आशीर्वाद लेकर इस सफर की शुरुआत की। अपनी लगन के बूते पर बहुत कम समय में होनहार अर्जुन ने अपने नाम का डंका पूरे देश में बजवाया। पहली सफलता 11 सितंबर 2022 को दादरी (नोएडा) में आयोजित उत्तर प्रदेश की 18वीं प्री स्टेट शूटिंग चौम्पियनशिप में वाराणसी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 50 मीटर राइफल स्पर्धा में भी अर्जुन ने रजत पदक हासिल किया। इसके बाद 25 सितंबर 2022 को डा० करनी सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद न्यू दिल्ली में आयोजित उत्तर प्रदेश की 45वीं स्टेट शूटिंग चौम्पियनशिप में वाराणसी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राइफल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही दिसंबर 2022 में केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय शूटिंग चौंपियनशिप में 50 मीटर राइफल प्रोन पुरुष वर्ग में 591.7 अंक प्राप्त कर रिनाउंड शॉट की उपाधि प्राप्त की। इस उपलब्धि पर प्रदेश राज्य राइफल संघ के पदाधिकारियों के द्वारा अर्जुन को आशीर्वाद और शुभकामनाएं मिली। 26 जुलाई 2023 को नई दिल्ली में आयोजित 46वीं स्टेट शूटिंग चौंपियनशिप में उम्दा प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन वर्ग में कांस्य एवम् 50 मीटर प्रोन (आईएसएसएफ) वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। बीते मंगलवार को नई दिल्ली में चल रही 23वीं प्री स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में एक बार फिर अचूक निशानेबाज अर्जुन सिंह ने जनपद की झोली में दो स्वर्ण पदक डाल, 50 मीटर राइफल प्रोन एवम् थ्री पोजिशन वर्ग में जिले को प्रथम स्थान दिलाया। तो उसके मित्र अभिषेक ने भी इस प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर अपने नाम का लोहा मनवाया।होनहार खिलाड़ी अर्जुन व अभिषेक की जोड़ी आने वाले समय में पूरे विश्व में अपने नाम का परचम लहराएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)