शादी के दिन पार्लर में मेकअप करा रही दुल्हन का कत्ल

Youth India Times
By -
2 minute read
0
सिरफिरे ने गोली मारी, बहन और सहेलियां रह गईं सन्न

झांसी। यूपी के झांसी में शादी के दिन ब्यूटी पार्लर में मेकअप करा रही एक दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार की रात मध्य प्रदेश से पीछा करते आए सिरफिरे आशिक ने ब्यूटी पार्लर के अंदर घुसकर दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी युवक अपने साथी के साथ फरार हो गया। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दुल्हन की बहन और सहेलियां सन्न रह गईं। शादी की तैयारियों में जुटे परिवारवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के दतिया के सोनागिरी के बरगाय गांव के रहने वाले राजकुमार की 20 वर्षीय बेटी काजल अहिरवार की रविवार को झांसी के सीपरी बाजार के खोड़न स्थित निशा गार्डन में शादी होनी थी। बारात रात चिरगांव के सिमथरी गांव से आनी थी। शाम करीब पांच बजे काजल अपनी चचेरी बहनों के साथ तैयार होने निशा गार्डन के बगल में स्थित ब्यूटी पार्लर गई थी। ब्यूटी पार्लर में लाइट न होने से वह लाइट आने का इंतजार कर रहे थे। दुल्हन की चचेरी बहन नेहा ने बताया कि रात करीब नौ बजे पड़ोस में रहने वाला दीपक पुत्र धनीराम वहां पहुंचा। उसने काजल से साथ चलने को कहा, लेकिन काजल ने मना कर दिया। पार्लर का दरवाजा अंदर से बंद था। काजल के इनकार से भड़का दीपक तमंचे की बट से दरवाजे का कांच तोड़कर अंदर घुस आया। उसने काजल के सीने में तमंचा सटाकर उसे गोली मार दी। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। एसएसपी राजेश एस ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस दो टीमें लगाई गईं हैं। पुलिस की एक टीम मध्य प्रदेश के दतिया भी भेजी गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 12, April 2025