ओपी राजभर ने अपने ही चार विधायकों को बताया सपाई

Youth India Times
By -
0
पेपर लीक मामले को लेकर लगाया गंभीर आरोप

लखनऊ। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने अपने ही छह में से चार विधायकों को समाजवादी पार्टी का नेता बता दिया है। अपनी पार्टी के विधायक बेदी राम के पेपर लीक मामले में फंसने और उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने पर ओपी राजभर ने यहां तक कह दिया कि उनके चार विधायक असल में समाजवादी पार्टी से भेजे गए लोग हैं। उन्होंने विधायक बेदी राम, विधायक जगदीश नारायण, विधायक अब्बास अंसारी और विधायक दूधराम को अखिलेश यादव की तरफ से भेजे गए प्रत्याशी बताया। ओपी राजभर की पार्टी से यूपी में कुल छह विधायक हैं। एक चैनल से बातचीत में ओपी राजभर ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान सुभासपा और सपा का गठबंधन हुआ था। इसमें सुभासपा को 17 सीटें दी गई थीं। कहा गया था कि 14 सीटों पर सपा के लोग चुनाव लड़ेंगे। इन्हें सुभासपा केवल सिंबल देगी, यही हुआ। सुभासपा ने केवल तीन सीटों संडीला, शिवपुर और जहूराबाद में अपने प्रत्याशी खड़े किए थे। संडीला में प्रदेश अध्यक्ष, शिवपुर में महासचिव और जहूराबाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष यानी मैं चुनाव मैदान में उतरा था। इसके अलावा अन्य सीटों पर सपा के प्रत्याशी थे। राजभर ने कहा कि जौनपुर से विधायक जगदीश नारायण राय भले ही मेरी पार्टी से विधायक हैं लेकिन समाजवादी पार्टी की रसीद काट रहे हैं, गाड़ी पर सपा का झंडा और सपा की टोपी लगाकर घूम रहे हैं। इसी तरह मऊ में अब्बास अंसारी भी समाजवादी पार्टी से ही भेजे गए प्रत्याशी हैं। एमएलसी चुनाव में जगदीश नारायण ने सपा के पक्ष में ही वोट भी दिया था। अब्बास भी बाहर होते तो सपा के पक्ष में वोट देते। कहा कि विधायक दूधराम और बेदी राम से पूछ लीजिए किस पार्टी के हैं। यह सारे लोग हमारे यहां भेजे गए प्रत्याशी हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)