आजमगढ़ : पिता के हत्यारोपी को मारी गोली

Youth India Times
By -
0
बच्चों के विवाद में पीटकर की गई थी बुजुर्ग की हत्या
रिपोर्ट : वेद प्रकाश सिंह लल्ला

आजमगढ़। बदले की आग में झुलस रहे पुत्रों ने पिता के हत्या के आरोपी पर शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे बवाली मोड़ के समीप जान मारने की नियत से फायर झोंक दिया। गोली युवक की बांह में लगी है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के कोल पांडेय गांव स्थित निषाद बस्ती में करीब सात माह पूर्व हुए बच्चों के विवाद के बाद बलराम साहनी की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक पक्ष की ओर से डिप्टी व दरोगा साहनी नामक सगे भाइयों सहित तीन लोगों को नामजद किया गया था। कुछ समय पूर्व तीनों आरोपित जमानत पर जेल से रिहा होकर घर आ गए थे। उधर हत्यारोपियों से पिता की हत्या का बदला लेने के लिए मृतक के बेटे भी मौके की तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को शाम करीब पांच बजे हत्यारोपी डिप्टी साहनी अपने गांव से पैदल बवाली मोड़ की ओर जा रहा था। तभी घात लगाए तीन की संख्या में रहे हमलावरों ने रास्ते में उसे घेर लिया। डिप्टी जान बचाने की गरज से बाइपास बंधे से उतरकर भागने का प्रयास किया लेकिन एक हमलावर ने तमंचे से उस पर फायर झोंक दिया। गोली डिप्टी के हाथ में लगी लेकिन वह शोर मचाते हुए अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। इसकी जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम हमलावर पक्ष का किशोरवय आरोपित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अन्य हमलावर फरार बताए गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)