बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने समधी को गोली से उड़ाया

Youth India Times
By -
0
हमलावरों ने ताबड़तोड़ 20 राउंड की फायरिंग

अमरोहा। बेटी के प्रेम विवाह से नाराज उसके परिजनों ने घर में घुस कर समधी की गोली मार कर हत्या कर दी। घर के बाहर घूम रहे एक ग्रामीण को भी गोली मार दी । उसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थाना क्षेत्र के गांव मलंगपुरा निवासी जोगेश ने बताया कि उसके चचेरे भाई अर्जुन ने दो माह पहले जनपद मुजफ्फरनगर के गांव सिहाली निवासी दिनेश चौहान की बेटी वंदना से प्रेम विवाह किया था। वंदना ने अपने परिजनों की मर्जी के बगैर कोर्ट मैरिज कर ली थी। जोगेश का आरोप है कि शादी के बाद ही वंदना के परिजन उसके चाचा बिजेंद्र सैनी व भाई अर्जुन को धमकी दे रहे थे। आरोप है कि शनिवार की रात करीब साढ़े सात बजे वंदना के पिता दिनेश चौहान कुछ लोगों को साथ लेकर कार से बिजेंद्र सैनी के घर पहुंचे। वो लोग वंदना को अपने साथ जबरन ले जाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने बिजेंद्र सैनी को गोली मार दी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गोली चलने से मची अफरातफरी में वंदना पड़ोसी के घर में घुस गई। उसके परिजनों ने उसकी तलाश भी की। इस दौरान बिजेंद्र के घर के बाहर घूम रहे ग्रामीण छत्रपाल सैनी को भी आरोपियों ने गोली मार दी। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हमलावर कार में सवार होकर भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ श्वेताभ भास्कर फोर्स लेकर गांव पहुंच गए। घायल छत्रपाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सीओ ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों ने ग्रामीणों को आतंकित करने के लिए ताबड़तोड़ 20 राउंड फायरिंग की। सरकारी अस्पताल में मौजूद ग्रामीणों व परिजनों ने बताया कि हमलावरों की फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। किसी ग्रामीण की हिम्मत घटनास्थल की ओर जाने की नहीं हुई। वारदात के समय यदि अर्जुन खेत पर नहीं होता तो शायद वह जिंदा नहीं होता। सरकारी अस्पताल में पति के शव से लिपट कर बिलखती हुई उनकी पत्नी जगवती उस घड़ी को कोस रही थी। जब उसके बेटे ने दूसरी बिरादरी की लड़की के साथ प्रेम विवाह किया था। उन्होंने बताया कि परिजनों ने दूसरी बिरादरी की लड़की के साथ विवाह करने से मना किया था। लेकिन बेटे की जिद के आगे वे भी मजबूर हो गए। अर्जुन की मां का कहना था कि हमलावर अपनी बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने आए थे। उन्होंने आते ही सबसे पहले अर्जुन के बारे में मालूम किया था। लेकिन उसका बेटा वारदात के समय तक घर नहीं आया था। वरना वह पति के साथ बेटे से भी हाथ धो बैठती। पिता व उनके साथ आए लोगों के तेवर देखकर वंदना पल भर में सब कुछ समझ गई थी। जैसे ही उसके पिता ने असलहे लेकर घर में प्रवेश किया। वंदना समझ गई कि कुछ अनहोनी होने वाली है। वह भागने का प्रयास करने लगी। इसी बीच पिता ने उसको साथ ले जाने का प्रयास किया। बिजेंद्र के विरोध करने पर उन्होंने उनके पेट में गोली मार दी। मौका मिलते ही वंदना भागकर एक पड़ोसी के घर में घुस गई। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन वह हाथ नहीं आई। प्रेम विवाह से नाराज वंदना के पिता दिनेश चौहान व कुछ अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। गोली लगने से बिजेंद्र सैनी की मौत हो गई। एक अन्य ग्रामीण छत्रपाल भी गोली लगने से घायल हो गया। पुत्र अर्जुन की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। -श्वेताभ भास्कर सीओ धनौरा

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)