आजमगढ़ में दो लड़कियों ने रचाई शादी

Youth India Times
By -
2 minute read
0
दोस्ती के बाद इश्क चढ़ा परवान, परिजन परेशान

आजमगढ़। सिधारी थाने से दो नाबालिगों के प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया है। दरअसल, एक साथ रह कर पढ़ाई करने वाली दो लड़कियां पहले पक्की सहेली बनीं, फिर दोनों के बीच इश्क का ऐसा परवान चढ़ा कि उन्होंने एक साथ जीने-मरने की कसमें खाई। अब एक ही साथ रहने के लिए अपने परिवार से बगावत पर उतर आईं। जिसे लेकर शनिवार की शाम छतवारा मोड़ पर दोनों नाबालिग सहेलियां के परिवार के बीच जमकर मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत कराया तो एक पक्ष राजी हुआ वहीं दूसरा पक्ष मानने को तैयार नहीं हुआ। सिधारी थाना क्षेत्र की रहने वाली दो नाबालिग लड़कियां एक साथ पढ़ाई करती थीं। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। कुछ दिन बीतने के बाद दोनों के बीच इश्क हो गया। बात इतनी बढ़ी कि एक-दूसरे के साथ रहने के लिए दोनों घर छोड़कर भाग निकलीं। परिजनों की तहरीर पर सिधारी थाने की पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया। काफी तलाश के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिग सहेलियों को मुंबई से बरामद कर लिया। दोनों उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद दोनों का मिलना फिर से शुरु हो गया।
सूत्रों की मानें तो दोनों ने शनिवार को आपस में शादी रचा ली। दोनों के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वह भी भागकर मौके पर पहुंचे। दोनों पक्ष छतवारा मोड़ के पास पहुंच उन्हें अपने साथ लेकर जाने को तैयार हुए, लेकिन दोनों नाबालिग लड़कियां एक दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। दोनों के परिवार के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। कहासुनी होते-होते मारपीट होने लगी। मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामले का शांत कराया। थानाध्यक्ष सिधारी वीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व दोनों नाबालिग लड़कियां घर से लापता हो गई थीं। परिजन की तहरीर पर मुकदमा भी पंजीकृत किया गया था। पुलिस टीम ने दोनों लड़कियों को मुंबई से बरामद कर लिया। दोनों लड़कियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी हैं। एक परिवार तो उनकी जिद पर मान गया लेकिन दूसरा परिवार मानने को तैयार नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों लड़कियां अभी नाबालिग है। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 8, April 2025