मूर्ति विसर्जन के दौरान दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला

Youth India Times
By -
2 minute read
0
जुलूस में मची अफरा तफरी, सीओ, कोतवाल मौके पर पहुंचे
देवरिया। सलेमपुर के नदावर घाट पर मझौली राज नगर क्षेत्र की दुर्गा प्रतिमा का बुधवार की देर रात मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। मझौली की तरफ से कस्बे की कतार में मूर्ति घाट पर आ रही थी। अभी जुलूस मझौली मेन चौक पर पहुंचा ही था कि डांस कर रहे दो युवकों से मनबढ़ किस्म के कुछ युवकों का विवाद हो गया। देखते ही देखते उक्त युवक ने धारदार हथियार से दोनों पर हमला बोल दिया। इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकूबाजी के बाद जुलूस में अफरा तफरी मच गई। लोग आक्रोशित हो गए। शाही चौक पर लोग प्रदर्शन करने लगे। लोगों का आक्रोश देख सीओ, कोतवाल मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर एएसपी और एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। पुलिस की सुरक्षा में मूर्ति विसर्जन कराया गया। समाचार लिखे जाने तक घटना को लेकर लोगो में आक्रोश व्याप्त था। दुर्गापूजा को रखी गई मां दुर्गा की प्रतिमा का बुधवार को विसर्जन हो रहा था। कल विसर्जन का आखिरी दिन था। लोग उत्साहपूर्वक मूर्ति का विसर्जन करने के लिए नदावर घाट आ रहे थे। मझौली कस्बे की एक मूर्ति धीरे धीरे आगे बढ़ रही थी। अभी मूर्ति मझौली चौक पर पहुंची थी कि स्थानीय दो युवकों से कहा सुनी हो गई। अभी दोनों युवक कुछ समझ पाते इतने में कुछ युवक धारदार हथियार के साथ पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जुलूस में शामिल जितेश कुमार पुत्र शिव शर्मा सिंह और राजन पटेल पुत्र अवध कुमार पटेल को घायल कर दिया। इसके बाद भाग निकले। दो युवकों के घायल होने के बाद जुलूस में शामिल लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते भीड़ बवाल पर उतारू हो गई। सूचना पर सीओ दीपक शुक्ला, कोतवाल पहुंच गए। उनकी सूचना पर एएसपी, एसडीएम दीपेंद्र नाथ चौधरी, दिशा श्रीवास्तव, तहसीलदार ने मौके पर पहुंच स्थिति को संभाला। इस घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश था। पुलिस हर स्तिथि पर नजर बनाए हुए थी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 11, April 2025