पुलिस कमिश्नर आफिस में दरोगा और उसकी पत्नी का ड्रामा

Youth India Times
By -
2 minute read
0

 

महिला बोली पति के कई लड़कियों से हैं संबंध

कानपुर। पुलिस कमिश्नर आफिस में सोमवार को एक दरोगा और उसकी पत्नी ने जमकर ड्रामा किया। अधिकारियों के सामने दोनों ने ही एक दूसरे पर जमकर आरोप लगाए। महिला ने दरोगा पति पर परेशान करने और 14.50 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया। बोली, पति के कई युवतियों के साथ संबंध हैं। वहीं, दरोगा ने भी पत्नी पर पहली शादी छिपाने और झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाया। तमाशा होता देख आला अधिकारियों ने प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। मेरठ जिले के मवाना थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला की शादी इसी साल 17 फरवरी को बुलंदशहर के बीबीनगर थानाक्षेत्र के रहने वाले दरोगा से हुई थी। वर्तमान में दरोगा ग्वालटोली थाने में तैनात है। दरोगा की पत्नी का आरोप है कि पिछले चार महीने से पति उससे मिलने नहीं आया। न फोन पर बात करता है। महिला ने आरोप लगाया कि दरोगा उसकी पिछली जिंदगी को लेकर उस पर अमर्यादित कमेंट करता है। आरोप लगाया कि दरोगा पति के कई महिलाओं से संबंध हैं।
वह सोशल मीडिया के जरिए लड़कियों को अपने चंगुल में फंसाता है और दोस्ती कर शारीरिक संबंध बनाता है। फिर फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता है। महिला के मुताबिक दरोगा ने उसे भी अपने जाल में फंसाकर 14.50 लाख रुपये हड़प लिए हैं। वह पति की शिकायत लेकर ग्वालटोली थाने और फिर महिला थाने गई, लेकिन कहीं भी पुलिस ने सुनवाई नहीं हुई। उल्टा थाने में उसके साथ ही बदसलूकी की गई। एडीसीपी महिला अपराध ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। दरोगा ने बताया कि शादी के बाद जब वह घर पहुंचा तो पत्नी के खाते से अन्य 10 खातों में लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चला था। जांच की तो पता चला कि उसकी शादी पहले मेरठ में तैनात रहे एक दरोगा से हुई थी। सन् 2020 में उसने पहले पति व देवर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। मजिस्ट्रेट के सामने बयान हुए तो वह पलट गई। इसी तरह से उसने बैंक के दो शाखा प्रबंधकों को भी फंसाया था। दरोगा के आरोप है कि महिला पहले दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराती है, फिर पैसे वसूलती है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 10, April 2025