आजमगढ़ में भीषण हादसा, एक की मौत, 22 घायल

Youth India Times
By -
2 minute read
0

 

गोविंद साहब मेले से दर्शन पूजन कर वापस लौटते समय पिकअप गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली में टकराई

आजमगढ़ । जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी के पास बीती रात गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन ने पीछे से धक्का मार दिया। इस घटना में जहां एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 22 श्रद्धालु घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। पिकअप सवार सभी गोविंद साहब मेले से दर्शन पूजन कर वापस लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार जनपद मऊ के अमारी गांव के रहने वाले लगभग 24 की संख्या में श्रद्धालु एक पिकअप में सवार होकर आजमगढ़ और अम्बेडकरनगर जनपद की सीमा पर लगने वाले गोविंद साहब मेले में गए थे। देर रात वह पिकअप से वापस मऊ जा रहे थे कि कंधरापुर थाना के मंदुरी के समीप एक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली आजमगढ़ की तरफ आ रही थी। तभी पीछे से आ रही तीव्र गति पिकअप ने गन्ना लदी ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में पिकअप सवार एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 22 श्रद्धालु घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही कंधरापुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पाते ही जिले के स्वास्थ्य विभाग के साथ ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पिकअप सवार मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अमारी गांव के रहने वाले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आजमगढ़ के एसपी सिटी शैलेंद्र लाल और सीओ सिटी गौरव शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि घटना में कुल 22 लोग घायल हुए हैं जबकि एक महिला बचिया देवी निवासी अमारी थाना सरायलखंसी जनपद मऊ की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली में पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे हादसा हुआ है। सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 8, April 2025