देवर की शादी में भाभी ने काटा बवाल

Youth India Times
By -
2 minute read
0

कहा वह मेरा है किसी और का होने नहीं दूंगी

महराजगंज। यूपी के महराजगंज जिले के नौतनवां तहसील क्षेत्र में तय एक लड़की का विवाह वधू पक्ष के लोगों ने खुद फोन कर तोड़ दिया। लड़की की शादी गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में तय हुई थी। बरात शाहपुर से निकलती कि इससे पहले लड़की के घर वालों के सामने ऐसा राजफाश हुआ कि उन लोगों ने खुद वर पक्ष को फोन कर शादी तोड़ कर बरात लाने से मना कर दिया।
नौतनवां के एक लड़की का विवाह गोरखपुर के शाहपुर थानाक्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से तय था। जिस दिन लड़की के घर बरात पहुंचनी थी उससे पहले ही लड़की वालों के घर जिस युवक की शादी थी उसकी भाभी अकेले नहीं बल्कि पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गई। भाभी ने लड़की वालों के समक्ष बताया कि जिस युवक की शादी यहां तय है वह उसका देवर है और उसकी शादी भाभी अर्थात उससे तभी हो चुकी है जब उसके पति की मृत्यु हुई थी।
इस शादी के बाद दहेज उत्पीड़न का केस भी शाहपुर थाने में चल रहा है जिसकी तस्दीक उसके साथ मौजूद शाहपुर की पुलिस ने भी किया। मामले की जानकारी मिलते ही लड़की पक्ष के लोग सन्न रह गये और इस बात के लिए धन्यवाद देने लगे की उनके कारण लड़की का जीवन तबाह होने से बच गया। लड़की वालों को भाभी से यह भी जानकारी मिल गई कि जिससे 25 वर्ष की फूल सी बिटिया का विवाह तय किया गया था उसकी उम्र 50 वर्ष अर्थात लड़की से दोगुनी है।
शाहपुर से बरात निकलती उससे पहले ही घर वालो ने फोन कर शादी तोड़ दी और बरात लाने से मना कर दिया। जानकारी के अनुसार शाहपुर निवासी युवक का उसकी भाभी से संबंध भाई की मृत्यु के बाद हो गया था और दोनों पति पत्नी की तरह रहते थे। इसी बीच देवर का विवाह नौतनवां में तय हो गया जिसका विरोध भाभी ने पुरजोर किया, लेकिन देवर ने एक न सुनी और विवाह का दिन भी तय कर लिया। जिस दिन बरात निकलनी थी ठीक उसी दिन भाभी ने चुपके से घर से निकलने में सफलता प्राप्त की और शाहपुर थाना जाकर पूरी कहानी से अवगत कराया।
इसके बाद शाहपुर पुलिस की टीम ने नौतनवां पहुंचकर स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और उस घर तक पहुंची जहां शादी तय थी और सच्चाई से अवगत कराया। भाभी ने लड़की वालों से साफ कहा कि देवर मेरा है किसी और का नहीं होने देगी। इस मामले की चर्चा नौतनवां में ही नहीं पुलिस दल के शामिल होने से पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 9, April 2025