शादी के दो दिन बाद ही प्रेमी के संग गई दुल्हन

Youth India Times
By -
2 minute read
0

 




13 फरवरी को हुई थी शादी, थाने पहुंचा दूल्हा
जालौन। शादी होने के बाद पहले दिन जब दुल्हन पति के कमरे में पहुंची तो प्रेमी के साथ रहने की बात कहकर पति से विवाद करने लगी। पति ने परिजनों को पूरी बात बताई तो उन्होंने दुल्हन की मां को जानकारी दी। मां व अन्य परिजनों ने समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। शनिवार शाम उसे मां के साथ मायके छोड़ दिया गया। कुछ ही देर में जानकारी मिली कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई। पति ने थाना पुलिस से शिकायत की है।
कुठौंद कस्बा निवासी लक्ष्मीकांत का विवाह थाना क्षेत्र के छोटी सुरावली गांव निवासी निकिता से 13 फरवरी को कस्बा स्थित एक गेस्ट हाउस से हुआ था। 14 फरवरी को विदा कराने के बाद लक्ष्मीकांत पत्नी को लेकर घर पहुंचा था। सभी लोग शादी से खुश थे और घर में मंगलगीत के साथ ही शादी की रस्में पूरी हो रहीं थी। दुल्हन जब लक्ष्मीकांत के कमरे में पहुंची तो उसने साथ रहने से मना कर दिया। जब उसने वजह पूछी तो उसने बताया कि वह एक युवक से प्यार करती है और उसके साथ ही रहेगी। इस पर लक्ष्मीकांत के होश उड़ गए। वह पूरी रात उसे समझाता रहा। लेकिन वह हंगामा करती रही। सुबह होते ही लक्ष्मीकांत से परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर निकिता की मां भी आ गई। दोनों परिवारों व रिश्तेदारों के बीच पंचायत भी हुई। लेकिन वह प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद वह अपनी मां के साथ चली गई। लक्ष्मीकांत के थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। बताया कि जब लड़की के परिजनों को प्रेमी के होने की जानकारी थी तो उसके साथ शादी क्यों कराई। उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। थाना प्रभारी सुनीत मिश्रा ने बताया कि मामला थाने में आया था, जिसमें युवक द्वारा शिकायत की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)