ब्लॉक प्रमुख सहित छ: गिरफ्तार

Youth India Times
By -
2 minute read
0

 





भाजपा नेता की हत्या मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
संभल। जुनावई (संभल) थाना क्षेत्र के गांव दबथरा हिमंचल में भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वर्तमान ब्लॉक प्रमुख और उसके ग्राम प्रधान पिता ने ही चुनावी रंजिश के चलते षड्यंत्र रचकर हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख और उसके पिता समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपियों न्यायालय में पेश जाएगा।। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने प्रेस वार्ता के दौरान हत्याकांड का खुलासा किया। दस मार्च की दोपहर एक बजे करीब भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव घेर में आराम कर रहे थे। उसी समय बाइक पर सवार तीन लोग उनके पास पहुंचे। गुलफाम सिंह ने सभी को पानी पिलवाया और कुर्सी पर बैठा कर वार्ता की। इसी दौरान हत्यारोपियों ने उनके पेट में जहरीला इंजेक्शन घोंप दिया। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही भाजपा नेता की मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता के पुत्र दिव्य प्रकाश यादव की तहरीर के आधार पर ब्लॉक प्रमुख रवि यादव पुत्र महेश व उसके पिता महेश यादव पुत्र सेवाराम यादव, धर्मवीर उर्फ धम्मा पुत्र मोहन सिंह निवासी ग्राम मैढौली थाना जुनावई, डॉ. मुकेश यादव पुत्र लालाराम यादव निवासी गांव दबथरा हिमंचल थाना जुनावई और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
एसपी ने खुलासे के लिए थाना जुनावई से तीन टीम तथा थाना गुन्नौर से दो टीम समेत सर्विलांस टीम व एसओजी से तीन टीम को लगाया गया। इस दौरान घटना के आसपास जाने वाले रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तथा घटना स्थल से सर्विलांस टीम द्वारा बीटीएस व संदिग्ध व्यक्तियों की सीडीआर निकाली गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। पुलिस की पूछताछ में मुकेश यादव के घटना में शामिल होने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर मुकेश समेत नामजदों के अलावा विकास पुत्र शिवनारायण निवासी ग्राम विधौती फाजिलपुर थाना जुनावई व रामनिवास उर्फ नारद पुत्र भीम सिंह निवासी बसला की मढ़ैया थाना कैला देवी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुकेश यादव ने बताया कि महेश यादव का गुलफाम सिंह यादव से चुनाव को लेकर रंजिश थी। इस लिए महेश यादव गुलफाम सिंह यादव को रास्ते से हटाना चाहते थे। इस मामले में पुलिस ने महेश यादव, उसके पुत्र रवि यादव, मुकेश यादव निवासी गण ग्राम मैढोली थाना जुनावई, विकास निवासी ग्राम बिधौती फाजिलपुर थाना जुनावई, रामनिवास उर्फ नारद निवासी बसला की मढैया थाना कैला देवी, सुधीर उर्फ पप्पू निवासी मोहल्ला बदरिया कस्बा व थाना सौरों जनपद कासगंज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्यारोपियों से चार मोबाइल बरामद किए हैं। खुलासे के दौरान एएसपी दक्षिण अनुकृति शर्मा, सीओ दीपक तिवारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 12, April 2025