अखिलेश यादव और धर्मेंद्र यादव सर्व समाज के बीच इस कृत्य के लिए मांगे माफी-ध्रुव सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आजमगढ़ के मेहता पार्क में समाजवादी पार्टी (सपा) पर फर्जी विकास कार्य का शिलापट्ट लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा के अनुसार, यह घटना डा. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के समीप उस समय हुई जब पार्टी के कार्यकर्ता प्रतिमा की स्वच्छता और दीप प्रज्वलन के लिए निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हरवंश मिश्रा, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, पूर्व नगर अध्यक्ष विनय प्रकाश गुप्ता, अवनीश चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता जब मेहता पार्क पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि अंधेरे में सपा के कुछ लोग फर्जी विकास कार्य का शिलापट्ट लगा रहे थे। भाजपा नेताओं ने इसका तत्काल विरोध किया और जिला प्रशासन तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह को सूचना दी।
जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों से बात की, जिन्होंने स्पष्ट किया कि मेहता पार्क में वर्तमान में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। प्रशासन ने सपा सांसद द्वारा लगाए जा रहे फर्जी शिलापट्ट को तुरंत हटवा दिया। ध्रुव सिंह ने इस घटना को संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर और दलित समाज का घोर अपमान बताया। उन्होंने कहा, "सपा सांसद द्वारा बिना विकास कार्य के फर्जी शिलापट्ट लगवाना निंदनीय है। हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।" इस निन्दनीय कृत्य के लिए अखिलेश यादव और धर्मेंद्र यादव को सर्व समाज के बीच माफी मांगनी चाहिए।