यूपी में हाई अलर्ट, डीजीपी ने जारी किया यह आदेश

Youth India Times
By -
1 minute read
0

 





वक्फ बिल पर संसद में बहस से पहले पुलिस कर्मचारियों की छुट्टियां भी किया रद्द
लखनऊ। वक्फ संशोधन बिल पर संसद में होने वाली बहस से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इस संबंध में डीजीपी प्रशांत कुमार ने मंगलवार को आदेश जारी किया। डीजीपी के निर्देश में कहा गया है कि जो अधिकारी और कर्मचारी पहले से छुट्टी पर हैं, वे तत्काल अपनी ड्यूटी पर लौटें। साथ ही, विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अब किसी भी नए अवकाश को मंजूरी नहीं दी जाएगी।
डीजीपी प्रशांत कुमार ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि वर्तमान परिदृश्य में प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। आदेश के मुताबिक, "यूपी पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों और अराजपत्रित कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाते हैं। जो कर्मचारी अवकाश पर हैं, वे अपने ड्यूटी स्थल पर अविलंब उपस्थित हों। केवल विशेष परिस्थितियों में सक्षम स्तर से अवकाश स्वीकृत होगा।" यह आदेश डीजीपी कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले महाकुंभ के दौरान भी पुलिस कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई थीं, हालांकि तब भी विशेष परिस्थितियों में अवकाश की अनुमति दी गई थी।
आज लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पेश किया जाएगा, जिस पर आठ घंटे तक चर्चा होगी। इस बिल को लेकर उत्तर प्रदेश में खास सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रदेश के कई जिलों में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया है। संसद में बहस से पहले राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
Today | 8, April 2025